MP में LPG सिलेंडर के नए कनेक्शन बंद! मार्च से क्यों अटके आवेदन? जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा
जबलपुर में मार्च 2026 से LPG के 14.2 किग्रा वाले नए सिलेंडर के कनेक्शन नहीं हो रहे हैं. इसको लेकर एजेंसी के कर्मचारियों ने ईरान-अमेरिका युद्ध को जिम्मेदार ठहराया है. वहीं कांग्रेस ने एमपी सरकार घेरा है.
मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में एलपीजी गैस को लेकर बड़ा संकट गहराने लगा है. शहर की गैस एजेंसियों पर 14.2 किग्रा के नए सिलेंडर के कनेक्शन मिलना बंद हो गए हैं. मिली जानकारी के मुताबिक, मार्च 2026 के बाद से गैस कनेक्शन मिलना बंद हो गए हैं. इसके पीछे की वजह ईरान-अमेरिका युद्ध के दौरान गैस की शॉर्टेज आई थी. उसके बाद से इन कनेक्शन को बंद कर दिया गया है.
वहीं गैस एजेंसी की तरफ से भी जानकारी दी गई है कि नए कनेक्शन के लिए बड़ी संख्या में आवेदन उनके पास जमा हैं. लोग लगातार एजेंसी पहुंचकर अपने आवेदन की स्थिति और कनेक्शन मिलने के बारे में पूछ रहे हैं, लेकिन मार्च 2026 के बाद से 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर के नए कनेक्शन जारी नहीं किए जा रहे हैं.
क्या बोले गैस एजेंसी कर्मचारी ?
वहीं गैस एजेंसी में काम करने वाले कर्मचारियों में रेखा ठाकुर और अनुराग ठाकुर का कहना है कि ईरान-अमेरिका युद्ध के दौरान गैस की किल्लत के बाद से ही इन कनेक्शनों पर रोक दिया गया है. ऊपर से नए कनेक्शन देने को लेकर अब तक कोई दिशा-निर्देश नहीं मिले हैं. फिलहाल, इसके विकल्प के तौर पर 10 किलोग्राम वाले जिप सिलेंडर का कनेक्शन दिया जा रहा है. आगे उन्होंने कहा कि ऊपर से जैसे निर्देश मिलेंगे, उसी के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी.
जीतू पटवारी ने सरकार को घेरा
वहीं इस मामले को लेकर प्रदेश में सियासत भी शुरू हो गई है. वहीं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पोस्ट शेयर कर एमपी सरकार पर निशाना साधा है. जीतू पटवारी ने पोस्ट में लिखा है कि, " रसोई गैस पर अघोषित ताला, आम आदमी की जेब पर सीधा डाका!"
उन्होंने आगे लिखा है कि, "मार्च 2026 से 14.2 किलो के नए घरेलू गैस कनेक्शन बंद, भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में 70 हजार से ज्यादा आवेदन अटके, लोग एजेंसियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं!" इसके अलावा, उन्होंने एमपी के सीएम मोहन याव से 14.2 किग्रा के नए सिलेंडर वाले कनेक्शन को तुरंत बहाल करने की मांग की है. साथ ही लंबित आवेदनों का समाधान करने की भी अपील की है.
(रिपोर्टः कुलदीप बाबेले, जबलपुर)