App

छठ की खुशी...ट्रेन में सफर, यात्रियों की धक्का-मुक्की से यूपी के युवक का फटा पेट, आंतें आ गई बाहर, 4 घंटे चला ऑपरेशन

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र का रहने वाला युवक आकाश इटारसी में चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा इतना गंभीर था कि उसका पेट फटने से आंते बाहर आ गई. फिलहाल, उसकी हालत ठीक बताई जा रही है.

छठ की खुशी...ट्रेन में सफर, यात्रियों की धक्का-मुक्की से यूपी के युवक का फटा पेट, आंतें आ गई बाहर, 4 घंटे चला ऑपरेशन
Image Credit: ZEE CREATIVE

छठ महापर्व पर अपनों के बीच पहुंचने की जल्दबाजी और ट्रेनों में उमड़ती बेकाबू भीड़ यात्रियों की जिंदगी पर भारी पड़ रही है. मध्य प्रदेश के इटारसी से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे. चलती ट्रेन से नीचे गिरे युवक का पेट बुरी तरह फट गया. उसके पेट से आंतें बाहर निकल आईं. जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे युवक को डॉक्टरों ने चार घंटे की जटिल सर्जरी के बाद नया जीवन दिया है.

दरअसल, यह मामला नर्मदापुरम जिले के इटारसी का है. घायल युवक आकाश उत्तर प्रदेश के सोनभद्र का रहने वाला है. वह छठ पर्व मनाने के लिए अपने गांव जा रहा था. ट्रेनों में भारी भीड़ के चलते आकाश दरवाजे पर लटककर सफर कर रहा था. इसी दौरान पीछे हो रही धक्का-मुक्की के चलते उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन से नीचे गिर पड़ा.

कैसे फट गया युवक का पेट

युवक जैसे ही ट्रेन से नीचे गिरा, उसी समय नीचे पड़े नुकीले पत्थर या धार वस्तु से उसका पेट फट गया. पेट फटने के बाद उसकी छोटी-बड़ी दोनों आंतें बाहर निकल आई. वहीं दोस्तों और आरपीएफ की मदद से उसे तुरंत सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया. लेकिन हालत ज्यादा गंभीर थी, तो उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां पर डॉक्टरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सर्जरी कर उसे नया जीवन दिया.

4 घंटे की जटिल सर्जरी की

अस्पताल के डॉक्टर अचलेश्वर दयाल ने बताया कि एक युवक उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले का रहने वाला है. छठ पर्व पर ट्रेन से घर जाते समय उसका पेट फट गया, जिससे उसकी आंतें बाहर आ गई थीं. उन्होंने बताया कि उसकी आंतें कई जगहों से फट चुकी थीं और ज्यादा खून बहने से बीपी भी सामान्य नहीं था. करीब 4 घंटे की जटिल सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने आंतों को जोड़कर उसकी जान बचाई. फिलहाल, युवक की हालत ठीक बताई जा रही है. छठ की खुशियों के बीच यह हादसा रेलवे में भीड़ प्रबंधन और यात्री सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़े कर रहा है.

ये भी पढ़ेंः फोन पर निजी बातें, घर के बाहर चॉकलेट लेकर खड़े रहते थे HOD, रीवा मेडिकल कॉलेज यौन उत्पीड़न केस में बड़ी कार्रवाई

युवक आकाश ने क्या बताया?

वहीं युवक आकाश ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के सोनभद्र का रहने वाला है. ट्रेन में काफी भीड़ और धक्का मुक्की हो रही थी. इसी के चलते हादसे का शिकार हो गए. आकाश ने बताया कि वह ट्रेन के अंदर गेट के पास खड़ा था. ट्रेन प्लेटफॉर्म से निकलने के बाद करीब एक किमी के दायरे में धीमी गति से ट्रेन चल रही थी. इसी दौरान अंदर मौजूद यात्रियों ने जगह बनाने के लिए धक्का-मुक्की शुरू कर दी, जिससे वह ट्रेन के नीचे गिर गया. युवक ने बताया कि गिरने से उसके पेट में चोट आई है. इसके बाद उसके दोस्तों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया. फिलहाल, अभी तबीयत ठीक है.

(रिपोर्टः अभिषेक गौर, नर्मदापुरम)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More