)
मध्य प्रदेश के इंदौर में होने वाले पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित कॉन्सर्ट से पहले बम की धमकी मिली है. शहर के तीन स्कूलों और महापौर सचिवालय को धमकी भरे ई-मेल किए गए है. इन ई-मेल में 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाके की धमकी दी गई है. मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है. बम डिस्पोजन स्क्वॉड (BDS) और क्राइम ब्रांच की टीमें भी जांच में जुट गई हैं.
मिली जानकारी के मुताबिक, तीन स्कूलों और महापौर कार्यालय को पंजाबी भाषा में धमकी भरे ई-मेल मिले हैं. इनमें 15 नवंबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बता कही गई है. ई-मेल मिलने के बाद संबंधित स्कूलों में सुरक्षा को लेकर तत्काल कदम उठाए गए हैं. पुलिस और बम डिस्पोजन स्क्वॉड की टीमों ने स्कूल परिसरों में पहुंचकर जांच की. अधिकारियों ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों की तलाशी ली, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके.
वहीं महापौर सचिवालय को मिले धमकी भरे ई-मेल को भी पुलिस ने गंभीरता से लिया है. क्राइम ब्रांच की टीम ई-मेल के स्रोत और उसे भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है. इसके लिए मेटा से भी जानकारी मांगी गई है. जानकारी मिलने के बाद ई-मेल भेजने वाले के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पंजाबी भाषा में भेजे गए ई-मेलएडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि शहर के तीन स्कूलों को इस तरह के ई-मेल मिले हैं, जिनमें बम की धमकी दी गई है. ई-मेल में 15 नवंबर को होने वाले एक कार्यक्रम को लेकर धमकी दी गई है. उन्होंने बताया कि महापौर कार्यालय में भी इसी तरह का मेल आया है. सभी मामलों को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में लिया गया है.
ई-मेल पंजाबी भाषा में भेजे गए हैं. यह पूछे जाने पर कि धमकी देने वाला व्यक्ति देश के बाहर का है या नहीं, अधिकारी ने बताया कि शुरुआती तौर पर इसके भारत के ही किसी दूसरे प्रदेश से भेजे जाने की आशंका हो सकती है. हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल पुलिस ई-मेल भेजने भेजने वाले की पहचान जुटाने में जुटी हुई है.
(ZEE NEWS असाइनमेंट डेस्क की रिपोर्ट)