)
आगामी दीवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान भोपाल और आसपास के इलाकों से अपने घर या अन्य शहरों की यात्रा करने वाले लोगों को बड़ा झटका लगा है. देश की प्रमुख बजट एयरलाइन इंडिगो ने अपने यात्रियों के लिए किराया बढ़ा दिया है. यह बढ़ोतरी घरेलू उड़ानों पर दूरी के आधार पर फ्यूल चार्ज लागू करने की वजह से हुई है. इसका सबसे ज्यादा असर भोपाल-दिल्ली, भोपाल-मुंबई जैसे बिजी रूट पर पड़ेगा, जहां त्योहारों के चलते पहले से ही टिकटों की डिमांड बढ़ी हुई है.
दीवाली-छठ पर घर जाना हुआ महंगा
नए नियमों के अनुसार, ब यात्रियों को प्रति सेक्टर 375 रुपये से लेकर 1,300 रुपये तक अतिरिक्त फ्यूल चार्ज चुकाना पड़ेगा. इससे पहले, अप्रैल में यह चार्ज ₹275 से ₹950 प्रति सेक्टर के बीच था. भोपाल से दिल्ली के हवाई मार्ग की बात करें, जिसकी दूरी लगभग 570 से 600 किलोमीटर है, वहां पहले प्रति सेक्टर फ्यूल शुल्क 400 रुपये लगता था, जो अब बढ़कर 600 रुपये हो गया है.
हर टिकट पर देने होंगे इतने रुपये ज्यादा
भोपाल से दिल्ली के लिए इंडिगो की फ्लाइट का न्यूनतम किराया लगभग ₹4,700 से ₹5,272 के बीच शुरू होता है. लेकिन किराए में बढ़ोतरी होने के बाद से अब यात्री को हर टिकट में 200 एक्स्ट्रा देने होंगे, जिसका सीधा असर यात्रियों की जेब पर पड़ेगा. इंडिगो जो रोजाना 2,200 से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट करती है, ने कहा है कि वह एविएशन टर्बाइन फ़्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों के बीच स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है और जरूरत पड़ने पर किराए में और बदलाव कर सकती है.
यात्रियों की बढ़ीं मुश्किलें
दिवाली और छठ पूजा जैसे बड़े त्योहारों के लिए ट्रेनों में जगह न होने और महीनों पहले से लंबी वेटिंग लिस्ट होने के बीच, इंडिगो द्वारा फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने से मिडिल क्लास और कामकाजी वर्ग के हवाई यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. व्यस्त रूटों खासकर भोपाल से दिल्ली और मुंबई पर यात्रा करने वालों के लिए त्योहारों के जश्न के बीच अचानक आया यह आर्थिक बोझ एक बड़ा झटका साबित हो रहा है.
एयरलाइंस ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतों का हवाला देते हुए किराए में जो बढ़ोतरी की है, उससे संकेत मिलता है कि आने वाले समय में यात्रा और भी महंगी हो सकती है. त्योहारों के इस व्यस्त मौसम में, जब लोगों के पास घर पहुंचने के सीमित विकल्प होते हैं, किराए में ऐसी बढ़ोतरी यात्रियों की जेब पर सीधा असर डालने वाली लगती है.