)
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर इलाके में करवा चौथ के पावन अवसर पर एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. गुस्से में अंधे होकर पति ने अपनी पत्नी के सिर पर कई बार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई और मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया. इस भयानक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद मुरार थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया.
मृतका की पहचान मधु श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम आनंद श्रीवास्तव है. मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी आनंद ने कुछ साल पहले मधु से प्रेम विवाह किया था. हालांकि, हत्या के पीछे का कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है. बेटे ने बताया कि यह घटना आज सुबह करीब 8:00 बजे हुई. माँ ने कहा कि आज मेरा करवा चौथ का व्रत है, इसलिए मैं कोई काम नहीं करूंगी, मैं सोने जा रही हूं. इसके बाद पापा ने पोहा बनाया और मैं कुछ देर के लिए बाहर चला गया. बाद में मैं वापस आया और सो गया. बाहर हो रहे शोर-शराबे से मेरी नींद खुली और पापा ने मुझसे कहा मैंने तुम्हारी मां को मार दिया है. मैं अंदर गया और कंबल हटाया तो देखा कि उनके सिर पर चोट लगी थी.
इस भयानक हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी मुरार थाने पहुंचा और अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पति को हिरासत में ले लिया है और हत्या के असली कारणों का पता लगाने के लिए उससे गहन पूछताछ कर रही है. इस अप्रत्याशित घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है, और करवा चौथ के दिन हुई इस हत्या ने सभी को स्तब्ध कर दिया है.
करवा चौथ जैसे शुभ अवसर पर पति-पत्नी के रिश्ते को कलंकित करने वाली इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. पुलिस फिलहाल आरोपी पति से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आखिर किस वजह से एक पति हत्यारा बन गया. इस सनसनीखेज मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
करतार सिंह राजपूत की रिपोर्ट