'धर्म का दुरुपयोग...', दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत, जानिए क्या है खास?
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का शुभारंभ हो गया है. उज्जैन से 950 किमी दूर अयोध्या में इसका समापन होगा. आइए जानते हैं कि इस यात्रा में क्या-क्या खास है. साथ ही इसके रूट के बारे में जानते हैं.
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा का मंगलवार को उज्जैन से शुभारंभ हो गया है. यात्रा के शुरू होने से पहले दिग्विजय सिंह पत्नी के साथ कार्यक्रम स्थल पहुंचे और पार्थिव शिवलिंग निर्माण में शामिल हुए. इससे पहले उन्होंने भगवान चिंतामन गणेश और बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. साथ ही उन्होंने यात्रा की सफलता की कामना की.
इस दौरान दिग्विजय सिंह ने विजयादशमी के पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है. भगवान श्रीराम ने अधर्म पर विजय प्राप्त की थी. उन्होंने कहा कि हम सभी को इस पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए यह प्रयास करना चाहिए कि देश में सनातन परंपराओं और उनके सही उपदेशों का पालन हो.
धर्म के नाम पर हो रहा दुरुपयोग
दिग्विजय सिंह ने भाजपा की ओर से उनकी यात्रा को नौटंकी बताए जाने पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी बात कहने का पूरा अधिकार है. आगे कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य धर्म के नाम पर हो रहे दुरुपयोग के खिलाफ आवाज उठाना है. दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि धर्म को बेचकर उसका दुरुपयोग किया जा रहा है. राम मंदिर में चंदा चोरी और चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के खिलाफ यह यात्रा निकाली जा रही है.
किन मुद्दों को उठाने का प्रयास
बता दें कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की यह यात्रा उज्जैन से अयोध्या तक जाएगी. इसके जरिए राम मंदिर ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं की जांच, जवाबदेही और पारदर्शिता सहित विभिन्न मांगें उठाई जा रही हैं. दिग्विजय सिंह ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि यह यात्रा राजनीतिक नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और जवाबदेही से जुड़े मुद्दों को उठाने का प्रयास है.
दिग्विजय की यात्रा में क्या है खास
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के साथ-साथ एक विशेष धर्म रथ भी चल रहा है. इस पर भगवान श्री राम की तस्वीर भी रखी हुई है. बताया यह भी जा रहा है कि यूपी-एमपी की पांच पवित्र नदियों का जल भी रखा गया है. इनमें शिप्रा, यमुना, नर्मदा, गंगा और सरयू नदी शामिल हैं. यह यात्रा लगभग 950 किलोमीटर की होगी. इसे महज 70 दिनों में पूरा किया जाएगा.
कहां-कहां से होकर गुजरेगी यात्रा
मध्य प्रदेश
उज्जैन से शुरुआत, तराना, शाजापुर, सारंगपुर, खुजनेर, राजगढ़, चाचौड़ा, आरोन, अशोकनगर, चंदेरी
उत्तर प्रदेश
तारबेहट, जेरोन, ओरछा, चिरगांव, उरई, कालपी, कानपुर देहात, लखनऊ देहात, बाराबंकी से होते हुए अयोध्या
ये भी पढ़ेंः 'एक रहस्यमयी नेता हैं...', राहुल गांधी की विदेश यात्रा पर एमपी के मंत्री का तंज, कही ये बड़ी बात
कैलाश विजयवर्गीय ने की टिप्पणी
वहीं इस यात्रा पर मोहन यादव सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने टिप्पणी की है. उन्होंने पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कुछ काम नहीं दिया है. उन्होंने कहा कि, वे फालतू बैठ नहीं सकते, इसलिए उन्होंने यात्रा निकाल दी.
(रिपोर्टः अनिमेश सिंह, उज्जैन)