खाने से पहले दूल्हे ने मांगा AC, नहीं मिली मांग तो दुल्हन को छोड़ बारात लेकर लौटा दूल्हा, थाने पहुंचा मामला
जबलपुर में दहेज मांगने का मामला सामने आया है. दूल्हे की तरफ से शादी से पहले लगातार दहेज की मांग की जा रही थी. मांग पूरी होती नहीं देख लड़के ने दुल्हन को छोड़कर बारात वापस लेकर लौट गया. लड़की वाले ने पुलिस में इसकी शिकायत की.
जबलपुर के सिविल लाइन स्थित बंधन बारात घर में शादी समारोह के दौरान दहेज की नई-नई मांगों को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद वर पक्ष जयमाला के बाद वापस लौट गया. 24 नवंबर को ज्योति और निखिल की शादी थी. सिविल लाइन के बंधन बारात घर में शादी समारोह हो रहा था. शादी समारोह में दूल्हे का परिवार लगातार दहेज के नाम पर नए-नए सामान की डिमांड कर रहा था. हालांकि, दुल्हन के परिवार ने उनकी मांग पूरी करने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद जयमाला के बाद जब भोजन का समय आया, तो वर पक्ष ने एसी की मांग रख दी. मांग पूरी नहीं होने तक खाना खाने से इनकार कर दिया.
आरोप है कि वर पक्ष के लोगों ने दुल्हन पक्ष के साथ मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए बारात वापस ले गए. घटना के बाद परिवार ने न्याय की मांग को लेकर एसपी कार्यालय में शिकायत की. दुल्हन ज्योति का कहना है कि शादी समारोह के दौरान दूल्हे ने लगातार डिमांड की, जिसके चलते वह परेशान हो गई थी. इसलिए अब वह इस परिवार में शादी नहीं करना चाहती.
दुल्हन ज्योति का कहना है कि निखिल नाम के लड़के ने शादी का प्रस्ताव दिया था. पिछले साल से शादी की बातचीत चल रही थी. शादी समारोह चल रहा था, तभी दूल्हे ने रिंग मांगी. उसने मेरे पापा से कहा. इसके बाद रिंग लेकर आए और उसे पहनाया गया. इसके बाद उससे जयमाला के लिए कहा गया, तो उसने कहा कि पहले लड़का सोने की चेन पहनेगा, फिर जयमाला करेगा. इसके लिए भी मेरे पापा मान गए.
दुल्हन ने बताया कि लड़के को सोने की चेन भी पहनाई गई, लेकिन खाने पर जाते-जाते उनकी डिमांड बढ़ती जा रही थी. दूल्हे का पूरा परिवार हर वक्त कुछ न कुछ मांग कर रहा था. लड़के ने एसी की डिमांड की और लगातार एसी मांगता रहा. इस पर मैंने कहा कि आप लोग एसी की डिमांड कर रहे होंगे, अगर लड़की भी डिमांड करे तो चलेगा. दुल्हन ज्योति ने कहा कि मैं चाहती हूं कि लड़के के घरवालों पर कार्रवाई हो.
दुल्हन के परिजनों का कहना है कि दहेज की मांग को लेकर दूल्हा निखिल लगातार परेशान कर रहा था. जब दहेज की मांग पूरी नहीं की गई, तो बारात वापस लौट गई. इस मामले को लेकर जबलपुर के एएसपी मनीष भारद्वाज ने सिविल लाइन थाना प्रभारी को मामले में तुरंत वैधानिक कार्रवाई करने के आदेश दिए.
रिपोर्ट: कुलदीप बबेले
यह भी पढ़ें: 17 साल की नाबालिग 6 महीने की गर्भवती, रायसेन में बाल विवाह के मामले में माता-पिता समेत 5 पर FIR; पति गिरफ्तार