App

17 साल की नाबालिग 6 महीने की गर्भवती, रायसेन में बाल विवाह के मामले में माता-पिता समेत 5 पर FIR; पति गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के रायसेन में 17 वर्षीय नाबालिग के छह महीने की गर्भवती मिलने पर बाल विवाह का मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर केस दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है.

17 साल की नाबालिग 6 महीने की गर्भवती, रायसेन में बाल विवाह के मामले में माता-पिता समेत 5 पर FIR; पति गिरफ्तार
Image Credit: AI IMAGE

मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के सुल्तानगंज में बाल विवाह का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां महज 17 साल की नाबालिग युवती के करीब छह माह की गर्भवती होने की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया. अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग के पति समेत पांच लोगों के खिलाफ पॉक्सो और बाल विवाह निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है. मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

17 साल की बच्ची 6 माह की गर्भवति
पूरा मामला सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के ग्राम ककरुआ गुलाब का है, जहां 17 वर्षीय युवती स्वास्थ्य जांच के लिए उप-स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी. जांच में उसके करीब छह माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई. दस्तावेजों में युवती की जन्मतिथि 15 मई 2009 सामने आने के बाद मामले की गंभीरता उजागर हुई.

मई 2026 में हुई नाबालिग की शादी 
एसडीओपी सिलवानी आशुतोष त्यागी ने बताया कि पीड़िता के बयानों के मुताबिक, 12 मई 2026 को उसका विवाह सामाजिक रीति-रिवाज से कल्याण आदिवासी के साथ कराया गया था. इस मामले में नाबालिग के माता-पिता और सास-ससुर की भूमिका भी सामने आई.

नाबालिग के पति, माता-पिता, सास-सुसर पर मामला दर्ज
पुलिस ने पति कल्याण आदिवासी, उसके माता-पिता और नाबालिग के माता-पिता सहित पांच आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, भारतीय न्याय संहिता और बाल विवाह निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है.

पति गिरफ्तार, आगे की जांच जारी  
मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. शेष आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की जांच जारी है. 

बाल विवाह रोकथाम के लिए सरकारी पहल
बता दें कि भारत सरकार ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान शुरू किया है, जिसका उद्देश्य 2030 तक देश को बाल विवाह से मुक्त करना है. भारत के विभिन्न राज्यों में जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं. अगर कहीं भी बाल विवाह की सूचना मिले तो चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), महिला हेल्पलाइन या बाल विवाह मुक्त भारत पोर्टल के माध्यम से तुरंत शिकायत दर्ज की जा सकती है. 


(रायसेन से राज किशोर सोनी की रिपोर्ट) 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और हाइपर लोकल की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग, यूटिलिटी से जुड़ी खबरों पर काम कर रही हैं. रेनू पिछले 4 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. DU से पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से अपने करियर की शुरुआत की. लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा है.रेनू अकर्णिया से आप renu.akarniya@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं. 
Read More