2 लड़कियों ने प्यार के जाल में फंसाया, लाखों लूटे और फिर... आखिर सुलझ गई 17 साल के लड़के की मौत की मिस्ट्री!
मध्य प्रदेश के दमोह जिले में एक 17 साल के नाबालिग की आत्महत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस ने जबलपुर से दो युवतियों को गिरफ्तार किया है. इन दोनों पर ब्लैकमेल, पैसे मांगने से लेकर मानसिक प्रताड़ना के आरोप हैं.
दमोह में 17 साल के मासूम नाबालिग की आत्महत्या का मामला करीब एक महीने तक रहस्य बना रहा. परिवार से लेकर पुलिस तक हर कोई यही जानना चाहता था कि आखिर हंसमुख स्वभाव के सूर्यांश ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया? जब इस मामले की पुलिस ने जांच की तो पता चला कि इसके पीछे दो युवतियों का हाथ था. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों युवतियां नाबालिग के संपर्क में थीं, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि दोनों युवतियां नाबालिग को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठ रहीं थीं. साथ ही मानसिक रूप से उसे प्रताड़ित कर रहीं थीं.
दरअसल, यह पूरा मामला जिले के देहात थाना क्षेत्र की गणेशपुरम कॉलोनी का है. नवरात्रि की अष्टमी के दिन 17 वर्षीय नाबालिग सूर्यांश दुबे ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी. सूर्यांश के इस कदम के बाद से परिजन से लेकर आसपास के लोग स्तब्ध रह गए थे. उसके पिता सुनील दुबे ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं. सूर्यांश पिछले दो साल से पिता के काम में हाथ बंटा रहा था. बताया जा रहा है कि उसे जानवरों से काफी लगाव था. साथ ही लोगों की मदद करने के लिए हमेशा आगे रहता था. उसने कम उम्र में ही अपने व्यवहार और काम से लोगों के बीच पहचान बना ली थी.
मोबाइल फोन के दो नंबरों ने खोला राज
जांच के दौरान पुलिस ने सूर्यांश के मोबाइल फोन का लॉक खुलवाकर उसकी कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाली. इसमें परिवार, कारोबार और दोस्तों से जुड़े कई नंबर मिले. इसी बीच दो ऐसे नंबर भी सामने आए, जिन पर पुलिस को शक हुआ. इन नंबरों को लेकर भी परिवार को कोई जानकारी नहीं थी. वहीं साइबर सेल की मदद से जब इन नंबरों की पड़ताल की गई तो एक नंबर दमोह की युवती का और दूसरा नंबर सिवनी जिले के घंसौर की रहने वाली युवता का था.
पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों युवतियां जबलपुर के एक हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थीं. इसके बाद पुलिस की टीम जबलपुर पहुंची और दोनों को पूछताछ के लिए दमोह लाया गया. जहां पर उन्होंने खुलासा किया है दमोह की युवती सूर्यांश की दोस्त थी. उसे मुंहबोली बहन मानता था. इसी युवती के जरिए उसकी पहचान घंसौर की दूसरी युवती से हुई थी. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई. इसके बाद कई महीनों तक उसके संपर्क में रहा.
लाखों रुपए की लेन - देन का खुलासा
वहीं पुलिस की पूछताछ में एक और नया खुलासा हुआ है. जांच में पता चला है कि दोनों युवतियों और सूर्यांश के बीच लंबे समय से बातचीत हो रही थी. इस दौरान सूर्यांशन से रुपए लिए गए थे. साथ ही कई महंगे-महंगे गिफ्ट भी लिए गए. पुलिस को इनके बीच लाखों रुपए के लेन-देन की जानकारी हाथ लगी है.
पुलिस ने बताया कि पिछले करीब एक महीने से दोनों युवतियां सूर्यांश को लगातार परेशान कर रही थी. इतना ही नहीं उसे ब्लैकमेल भी किया जा रहा था. जब सूर्यांश ने उनसे दूरी बनाने की कोशिश की तो उसे धमकियां मिलने लगी. इसी दौरान उसने मानसिक तौर पर परेशान होकर आत्महत्या कर ली.
ये भी पढ़ेंः 50 करोड़ की ठगी, 15 वारंट और 'बंटी-बबली' की गिरफ्तारी: भोपाल से पंजाब तक फैला था ठगी का जाल, जानें कैसे रचते थे साजिश
WhatsApp की चैट ने खोले कई राज
इस मामले में सबसे अहम सुराग सूर्यांश का WhatsApp अकाउंट से मिला. उसका WhatsApp लॉक था और साइबर सेल की टीम उसे खोलने की कोशिश कर रही थी. पूछताछ के दौरान दोनों युवतियों ने बताया कि WhatsApp का पासवर्ड सूर्यांश के ट्रक का नंबर था. इसके बाद ट्रक का नंबर डालकर चैट खोली गई. पुलिस को बातचीत से जुड़े कई अहम सुराग मिले.
जांच में पुलिस को पता चला कि कुछ चैट को डिलीट कर दिया गया था. पुलिस ने बताया कि बातचीत में ऐसे कई मैसेज भी मिल, जिनके जरिए सूर्यांश की आत्महत्या के लिए पारिवारिक परेशानी को जिम्मेदार बताने की कोशिश की गई थी. हालांकि, साइबर सेल ने चैट को बारीकी से जांचा, उसके बाद पुलिस ने दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर लिया.
ये भी पढ़ेंः ATS-NIA बनकर किया 12 घंटे 78 वर्षीय हकीम को डिजिटल अरेस्ट, RTGS कराने को कहा तो खुल गया राज!
दोनों युवतियां गिरफ्तार कर भेजा जेल
जांच में मिले सबूतों और पूछताछ के आधार पर दोनों युवतियों को गिरफ्तार कर लिया. दोनों युवतियां बालिग बताई जा रही है. गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया. उसके बाद उन्हें दमोह जिला जेल भेज दिया गया. पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 305, पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है.
हालांकि, जेल जाते समय एक युवती ने खुद को फंसाए जाने की बात कही. उसका दावा था कि सूर्यांश पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहा था. लेकिन पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर दोनों की भूमिका की पड़ताल की गई है. वहीं, सूर्यांश के परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर संतुष्टि जताई है. आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है.
(रिपोर्टः महेंद्र दुबे, दमोह)