)
न्यूजीलैंड के खिलाफ जारी पहले टेस्ट में टीम इंडिया मजबूत स्थिति में है. वेलिंगटन में खेले जा रहे मुकाबले में कीवी टीम ने पहली पारी में 368 रनों का स्कोर खड़ा किया था. इसके जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कोरबोर्ड पर 720 रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया. पहली पारी के आधार पर भारत को 352 रनों की लीड मिली. इसके बाद स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने जलवा दिखाते हुए पहले ओवर में ही न्यूजीलैंड को 440 वोल्ट का झटका दिया.
वेलिंगटन टेस्ट के चौथे दिन 720/9 के स्कोर पर भारत ने पारी घोषित करने का फैसला किया. पहली पारी की तरह दूसरी इनिंग में भी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही. कीवी कप्तान टॉम लैथम एक बार फिर बुमराह के सामने बेबस दिखे और बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. पहली पारी में भी उनका यही हाल हुआ था.
न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम वेलिंगटन टेस्ट की दोनों पारियों में बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. दिलचस्प बात ये रही कि दोनों इनिंग्स में वो पहले ओवर की दूसरी गेंद पर आउट हुए और दोनों बार उनका शिकार जसप्रीत बुमराह ने किया. पहली पारी में लैथम क्लीन बोल्ड हुए थे, जबकि दूसरी इनिंग में वो विकेट कीपर ऋषभ पंत को कैच दे बैठे. ये दोनों गेंदें शानदार थी जिसका जवाब कीवी कप्तान के पास नहीं था. टॉम लैथम टेस्ट क्रिकेट इतिहास में दोनों पारियों में शून्य पर आउट होने वाले न्यूजीलैंड के तीसरे कप्तान बन गए हैं. उनसे पहले स्टीफन फ्लेमिंग 1997 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होबार्ट में खेले गए टेस्ट की दोनों पारियों में शून्य पर पवेलियन लौटे थे.
वेलिंगटन टेस्ट की दोनों पारियों में टॉम लैथम का शिकार कर जसप्रीत बुमराह ने इतिहास रच दिया. क्रिकबज के अनुसार, वो टेस्ट मैच की दोनों पारियों के पहले ओवर में विकेट लेने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज बन गए हैं. उनसे पहले एस. श्रीसंत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 2006 में और पूर्व महान तेज गेंदबाज जहीर खान ने बांग्लादेश के खिलाफ 2007 में ये अद्भुत कारनामा किया था.
Bumrah strikes, Latham departs! India couldn't have asked for a better start 🤌 Watch the HERO VIDA India Tour of New Zealand, 1st Test Day 4, LIVE NOW on Sony Sports Network TV channels & Sony LIV. #SonySportsNetwork #SonyLIV #NZvIND https://t.co/EbEKgAwH3F
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) November 22, 2026
वेलिंगटन टेस्ट में टॉम लैथम ने जसप्रीत बुमराह के 4 गेंदों का सामना किया और 2 बार आउट हुए. दोनों पारियों में शून्य पर आउट होने के बाद उन्होंने शर्मनाक क्लब में एंट्री मार ली है. बतौर ओपनर टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक बार शून्य पर आउट होने के मामले में वो संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं. उन्होंने भारत के पूर्व विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग को भी पछाड़ दिया, जो इस फॉर्मेट में 15 बार जीरो पर आउट हुए थे.
19 - क्रैग ब्रैथवेट (वेस्टइंडीज)
17 - माइक एथर्टन (इंग्लैंड)
16 - मार्वन अटापट्टू (श्रीलंका)
16 - टॉम लैथम (न्यूजीलैंड)
15 - वीरेंद्र सहवाग (भारत)
न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट की पहली पारी में भारत ने 720 रनों का पहाड़ खड़ा किया. केएल राहुल और ऋषभ पंत ने शानदार शतक जड़ा, जबकि यशस्वी जायसवाल (85), देवदत्त पडिक्कल (80), शुभमन गिल (98) और ध्रुव जुरेल (78) रनों की कीमती पारी खेली. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ये भारत का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है. वहीं, न्यूजीलैंड की धरती पर किसी टीम ने पहली बार इतना बड़ा टोटल खड़ा किया है. इससे पहले न्यूजीलैंड ने 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ हैमिल्टन में 715 रन बनाए थे.