जुआरियों को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, हेड कांस्टेबल का सिर फूटा, नागपुर में चल रहा इलाज
छिंदवाड़ा के पटनिया गांव में जुआरियों को पकड़कर ले जा रही पुलिस टीम पर हमला हो गया. डंडों और पत्थरों से हुए हमले में हेड कांस्टेबल घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया.
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा के अमरवाड़ा थाना इलाके के पटनिया गांव में जुआरियों को पकड़कर चौकी ला रही पुलिस टीम पर हमला हो गया. जुआरियों ने खुद ही रास्ते में पुलिस के जवानों को रोककर डंडों और पत्थरों से मारपीट की. हमले में हेड कांस्टेबल संतोष उइके का सिर फूट गया. वहीं पुलिस ने इस मामले में 7 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और शासकीय कार्य में बाधा डालने समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया है. जुआ खेलने के आरोप में 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है.
अमरवाड़ा टीआई राजेंद्र धुर्वे का कहना है कि 12 नवंबर की रात ग्राम पटनिया में जुआ खेले जाने की जानकारी मिली थी. इस पर सिंगोड़ी चौकी प्रभारी पंकज राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. टीम ने जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ा और उन्हें चौकी ले जा रहे थे. इसी दौरान रात में 1 बजे हेड कांस्टेबल संतोष उइके और निजी चालक नितेश डेहरिया मोटरसाइकिल से पीछे आ रहे थे. रास्ते में सात आरोपियों ने उन्हें रोक लिया और डंडों-पत्थरों से हमला कर दिया. इसमें संतोष उइके के सिर में गंभीर चोट आईं. वहीं चालाक नितेष डेहरिया को मामूली चोटें आई हैं.
पुलिस टीम पर कर दिया था हमला
घटना के बारे में एडिशनल एसपी आशीष खरे ने बताया कि 12 और 13 नवंबर की दरमियानी रात पुलिस चौकी सिंगोडी के प्रभारी को सूचना मिली थी कि ग्राम पटलिया के पास बड़े पैमाने पर जुआ खेला जा रहा है. सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी अपने हमराह स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे और जुला खेल रहे लोगों को दबिश देकर पकड़ लिया. जब पुलिस टीम पकड़े गए जुआरियों को लेकर चौकी की ओर वापस आ रही थी, तभी जुआरियों के अलावा कुछ अन्य लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. हमले में प्रधान आरक्षक संतोष के सिर पर पत्थर लगा, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई.
ये भी पढ़ेंः पहले गोल्ड लोन बैंक, अब ज्वेलर्स शोरूम… कटनी में 15 करोड़ की चोरी से पुलिस के फूले हाथ-पांव, IG-DIG ने संभाला मोर्चा
अन्य आरोपियों की तलाश चल रही
घायल प्रधान आरक्षक को तत्काल छिंदवाड़ा लाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया. चोट गंभीर होने के कारण उन्हें नागपुर रेफर कर दिया गया, जहां वर्तमान में उनका इलाज चल रहा है. उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है. पुलिस ने इस घटना में पकड़े गए जुआरियों के विरुद्ध जुए से संबंधित कार्रवाई की है. साथ ही जिन व्यक्तियों ने प्रधान आरक्षक पर हमला कर उन्हें चोट पहुंचाई है, उनके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया है. पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने बताया कि कुछ लोगों की पहचान स्पष्ट हो गई है और उन्हें हिरासत में ले लिया गया है. अन्य आरोपियों की तलाश स्थानीय पुलिस कर रही है.
(रिपोर्टः अंकित वाइकर, छिंदवाड़ा)