छतरपुर स्कूल में बड़ी लापरवाहीः बच्चों की थाली में मिली मरी छिपकली, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, जांच के आदेश
छतरपुर स्कूल के एक स्कूल में बच्चों के खाने में छिपकली मिलने का मामला सामने आया है. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. फिलहाल, इस मामले में जांच कराने के आदेश दे दिए हैं.
मध्य प्रदेश में एक बार फिर से बच्चों के खाने में छिपकली मिलने का मामला सामने आया है. यहां एक स्कूल में बच्चों के लिए मध्यान्ह भोजन में छिपकली मिलने के बाद हड़कंप मच गया. इस मामले में डीसीपी ने जांच के आदेश दिए हैं. साथ ही जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की भी बात कही है. यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पहले प्रदेश में कई मामले आ सामने चुके हैं. जहां बच्चों के खाने की गुणवत्ता पर सवाल खड़े न हुए हों.
दरअसल, ताजा मामला छतरपुर के भगवां संकुल के सोरखी गांव का बताया जा रहा है. जहां एक स्कूल में बच्चों के मध्यान्ह भोजन में छिपकली पड़ी मिली है. इसका वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में साफ-साफ दिख रहा है कि बच्चों के खाने में पतली-पतली आलू की सब्जी बनी थी, जिसे उनके बर्तनों में परोसा गया था. इस दौरान एक बच्चे के बर्तन (कटोरा) में मरी हुई छिपकली पड़ी है.
स्कूल में मचा हड़कंप
बर्तन में छिपकली मिलने के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया. साथ ही बच्चों के खाने की गुणवत्ता पर सवाल खड़े होने लगे. मामला सामने आने के बाद डीसीपी एक्शन में नजर आ गए. इसकी जानकारी मिलते ही डीसीपी ने तुरंत टीम बनाकर जांच के आदेश दिए हैं. साथ ही, निष्पक्ष जांच कराने के लिए कार्यालय से दो APC को भी मौके पर भेजा है.
जांच टीम बना दी गई
डीसीपी अरुण शंकर पांडे का कहना है कि 3 नवंबर को यह मामला मेरे संज्ञान में आया था. उसके बाद BCR को निर्देशित किया है कि सुबह टीम बनाकर अपनी जांच करें. उन्होंने आगे कहा कि इसके बाद रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी.
डीसीपी ने दी चेतावनी
इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा कि जांच के लिए अपने यहां से सुबह दो APC को भेजा है. उन्होंने आगे कहा कि जैसे ही जांच रिपोर्ट आती है. उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी. इतना ही नहीं उन्होंने चेतावनी भी दी है कि जहां-जहां इस तरह की शिकायत पर कार्रवाई होती है, वहां पर जिला पंचायत के माध्यम से समूह समाप्त किए जाते हैं. वैसे ही यहां पर भी वही प्रक्रिया अपनाई जाएगी.
ये भी पढ़ेंः छिपकली गिरी आलू की सब्जी खाने से 13 बच्चे बीमार, भोपाल के श्रमोदय विद्यालय का मामला
भोपाल में भी आया केस
इससे पहले 11 अक्टूबर को राजधानी भोपाल के एक हॉस्टल में बनी आलू की सब्जी में मरी छिपकली मिली थी. इस सब्जी को खाने के बाद 13 छात्र बीमार हो गए थे. बता दें कि छिपकली गिरी सब्जी खाने के बाद बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई थी. उसके बाद उन्हें जसप्रकाश अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालांकि, उन बच्चों की हालत ठीक बताई जा रही है.