SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

12 साल की साधना, 144 गांवों का मौन भ्रमण... चंदेरी की अनोखी परंपरा पर विदेशी भी थिरके

चंदेरी में बुंदेलखंड का पारंपरिक मौन परमा व्रत शुरू हो गया है. मां जागेश्वरी मंदिर से शुरू हुए इस आयोजन में न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के पर्यटक भी मोनियों के साथ ढोल की थाप पर झूमते नजर आए.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 10, 2026, 02:48 PM IST | Updated: Nov 10, 2026, 03:01 PM IST
Image Credit: ZEE CREATIVE
Join

मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक नगर चंदेरी में इन दिनों आस्था, लोक कला और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है. दीपावली पर शुरू हुआ बुंदेलखंड का पारंपरिक 'मौन परमा व्रत' इस बार स्थानीय लोगों के साथ-साथ विदेशी मेहमानों के आकर्षण का केंद्र भी बन गया है.

माता जागेश्वरी के दरबार से शुरू हुए इस उत्सव में जब ढोल की थाप पर मोनियों ने नृत्य शुरू किया, तो वहां मौजूद न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के सैलानी भी खुद को थिरकने से रोक नहीं पाए. आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.

बुंदेलखंड का प्रसिद्ध ‘मौन परमा व्रत’ शुरू

ढोल की गूंजती थाप, हाथों में मोरपंख और होंठों पर अटूट मौन, यह नजारा चंदेरी के प्रसिद्ध मां जागेश्वरी देवी मंदिर का है. यहां पर कार्तिक महीने की दूज पर बुंदेलखंड का प्रसिद्ध ‘मौन परमा व्रत’ शुरू हो गया है. मंदिर के पुजारी ने पारंपरिक गांठ बांधकर इस कठिन अनुष्ठान की विधिवत शुरुआत कराई, जिसके बाद मोनियों की टोली ने लोक धुन पर मनमोहक मोनी नृत्य पेश किया.

विदेशी मेहमान पूरी तरह मंत्रमुग्ध नजर आए

भारतीय लोक संस्कृति की यह छटा देखकर चंदेरी घूमने आए विदेशी सैलानी भी झूम उठे. न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से पहुंचे पर्यटक मोनियों की ऊर्जा और संगीत की ताल पर जमकर नाचे. भारत की इस मिट्टी से जुड़े रंग में रंगकर विदेशी मेहमान पूरी तरह मंत्रमुग्ध नजर आए.

12 सालों में कुल 144 गांवों का मौन भ्रमण

आपको बता दें कि यह केवल नृत्य नहीं, बल्कि तपस्या और आस्था की एक बेहद कठिन परीक्षा है. इस व्रत को उठाने वाले युवाओं को 12 वर्षों तक हर साल इस नियम का पालन करना होता है. नियम इतना सख्त है कि एक बार जिस गांव में परिक्रमा कर ली, अगले 12 सालों तक वहां दोबारा नहीं जाया जा सकता. इस तरह एक साधक 12 सालों में कुल 144 गांवों का मौन भ्रमण करता है. 12 वर्ष पूरे होने पर प्रयागराज के पावन संगम में व्रत का विसर्जन किया जाता है और गांव में भव्य भंडारे का आयोजन होता है.

ये भी पढ़ेंः अटूट आस्था या खौफनाक: कहीं 3 दिन तक ब्राह्मणों का मुंह नहीं देखते गुर्जर, तो कहीं बरसाए गए आग के गोले! MP में दिवाली के बाद की 8 खौफनाक परंपराएं

बुंदेलखंड के युवाओं की 12 साल की साधना

आधुनिकता की दौड़ में जहां कई परंपराएं सिमट रही हैं, वहीं बुंदेलखंड के युवाओं की यह 12 साल की साधना और विदेशी सैलानियों का इस लोक पर्व में उत्साह यह साबित करता है कि भारतीय संस्कृति की जड़ें आज भी पूरी दुनिया को अपनी ओर खींचने की ताकत रखती हैं.

(रिपोर्टः नीरज जैन, अशोक नगर)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES