भोपाल में करंट लगने से BJP युवा मोर्चा नेता की मौत, शॉपिंग करने गए थे DB मॉल, पोल पकड़ते ही लगा झटका
Bhopal News: MP नगर में BJP युवा मोर्चा (BJYM) के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई. मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने CPR देकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन AIIMS अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
राजधानी भोपाल के एमपी नगर में रविवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ. DB मॉल में परिवार के साथ शॉपिंग करने आए भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी को करंट लग गया, जिससे उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि सड़क पार करते वक्त उन्होंने सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे को छू लिया था, जिसमें करंट था. इस घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई.
पोल पकड़ते ही लगा झटका
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिव्यऋषि तिवारी अपनी पत्नी और परिवार के साथ शॉपिंग करने DB मॉल आए थे. मॉल के बाहर सड़क पार करते समय, उन्होंने खुद को संभालने या सहारे के लिए सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे (पोल) को छुआ. खंभे के संपर्क में एक लाइव तार होने की वजह से उसमें तेज बिजली का करंट दौड़ रहा था. जैसे ही उन्होंने खंभे को छुआ, दिवयाऋषि और उनकी पत्नी दोनों को बिजली का जोरदार झटका लगा.
ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने CPR देकर बचाने का किया प्रयास
वहां तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत CPR देकर दिव्यऋषि को होश में लाने की कोशिश की. इसके बाद उन्हें AIIMS ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस दुखद घटना से शहर और राजनीतिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है, साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर खुले बिजली के तारों को लेकर नगर निगम और प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश भी फैल गया है.
मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान लगाया गया था पोल
घटना की जानकारी मिलने पर MP नगर पुलिस मौके पर पहुंची. उन्होंने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना से जुड़े पोल, बिजली कनेक्शन और निर्माण कार्य की स्थिति की भी जांच की जा रही है. वहीं मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी के अनुसार, यह पोल मेट्रो प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान लगाया गया था. पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए खंभे से निकले तार को अलग करवा दिया है, ताकि वहां दोबारा किसी तरह का खतरा न रहे. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि पोल में बिजली का करंट कैसे आया और तार खुला क्यों छोड़ दिया गया था.
हादसे के बाद सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों और खुले तारों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं. परिवार ने इसे प्रशासन की लापरवाही बताया है और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस मौके की जांच कर रही है और सुरक्षा में हुई चूक को देख रही है. जांच पूरी होने के बाद ही साफ होगा कि लापरवाही किस स्तर पर हुई और इसका जिम्मेदार कौन है.