बेटे की एंट्री या कोई और सियासी दांव, एमपी BJP के इस दिग्गज का संन्यास वाला बयान चर्चा में क्यों?
एमपी की रहली विधानसभा सीट से 9 बार के विधायक के संन्यास वाले बयान के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है. इस बयान के बाद उनके बेटे की राजनीति में जल्द एंट्री के कयास लगाए जाने लगे हैं. आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या कुछ कहा है?
मध्य प्रदेश में बीजेपी के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री के बयान के बाद सियासी चर्चा तेज हो गई है. रहली सीट से 9 बार विधायक चुने गए गोपाल भार्गव ने अपने राजनीतिक करियर को लेकर एक ऐसा संकेत दिया है, जिसके बाद प्रदेश की राजनीति में कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं.
दरअसल, सागर जिले में एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि इलाके में चल रही बलेह सिंचाई परियोजना पूरी होते ही वह सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लेंगे. उनके इस बयान को 2028 के विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है. वहीं, प्रदेश में चर्चा है कि क्या गोपाल भार्गव 2028 के चुनाव से पहले ही राजनीति को अलविदा कह देंगे या फिर अपने बेटे की राजनीति में एंट्री कराएंगे?
क्या बेटे की होगी राजनीति में एंट्री ?
गोपाल भार्गव के इस बयान के बाद यह कयास भी लगाया जा रहा है कि उनके बेटे अभिषेक भार्गव, जिन्हें दीपू के नाम से भी जाना जाता है. बेटे अभिषेक भार्गव की राजनीति में जल्द एंट्री हो सकती है. लंबे अरसे से चर्चा चल रही है कि गोपाल भार्गव आने वाले चुनाव में अपनी राजनीतिक विरासत बेटे को सौंप सकते हैं. इतना ही नहीं समर्थकों के बीच युवा वर्ग भी अभिषेक भार्गव को आगे लाने की पैरवी करता रहा है.
सीएम से कई बार कर चुके हैं चर्चा
वहीं गोपाल भार्गव ने आगे यह भी कहा है कि इस परियोजना के संबंध में मुख्यमंत्री से उनकी कई बार चर्चा हो चुकी है. बाकी विकास कार्य हो चुके हैं, लेकिन यह डैम भी बन जाए तो वह राजनीतिक जिम्मेदारियों से संन्यास ले लेंगे. जानकारी के लिए बता दें कि गोपाल भार्गव रहली विधानसभा सीट से लगातार 9वीं बार विधायक चुने गए हैं. इसके अलावा, 2003 से 2023 तक लगातार कैबिनेट मंत्री रहे. साथ ही, 2018 में कांग्रेस सरकार के समय विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भी रहे हैं.
ये भी पढ़ेंः पूर्व मंत्री पीसी शर्मा की गिरफ्तारी की मांग, नितिन नवीन का वीडियो पोस्ट करने पर BJP ने की शिकायत
कोपरा नदी पर सिंचाई परियोजना
बता दें कि सागर जिले के रहली के गांव बलेह में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. यहां बीजेपी विधायक गोपाल भार्गव विकास कार्यों का लोकार्पण करने पहुंचे थे. बलेह गांव से निकलने वाली कोपरा नदी पर सिंचाई परियोजना प्रस्तावित है, जिससे लगभग 25 हजार किसानों को सीधा फायदा मिलेगा.
(रिपोर्टः उमेश यादव, सागर)