पन्नी बीनकर गुजारे 15 दिन, GF की हत्या का भी प्लान: 9 राज्यों में 2500 CCTV, भेष बदल तलाशी, पूर्व IAS की हत्यारे की फरारी और पकड़े जाने की पूरी इनसाइड स्टोरी
भोपाल के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी वरुण वाल्मीकि को पुलिस ने जब से पकड़ा है, लगातार नए-नए खुलासे हो रहे हैं.
भोपाल के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी केयरटेकर वरुण वाल्मीकि को पुलिस ने करीब एक महीने बाद आगरा से गिरफ्तार किया. इसके बाद भोपाल लाते समय उसने मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पुलिस के साथ झूमाझटकी कर भागने की कोशिश की और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई. इसके बाद उसे भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया. ये तो वरुण वाल्मीकि के पकड़े जाने के बाद की कहानी है, लेकिन उसकी फरारी से लेकर गिरफ्तारी तक की स्टोरी किसी फिल्मी थ्रिलर से कम नहीं है.
आरोपी ने 29 सितंबर की रात वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस को चकमा देने के लिए अलग-अलग राज्यों में छुपता रहा. इस दौरान उसने 15 दिनों आगरा की एक बस्ती में पन्नी बीनकर अपना गुजारा किया. भोपाल पुलिस की कई टीमों ने देश के 9 अलग-अलग राज्यों में 2500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों को खंगाले. इस दौरान पुलिस की टीम ने ग्वालियर, आगरा, मथुरा और वृंदावन में वेश बदलकर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, धर्मशाला, मंदिर और रैन बसेरों में निगरानी की.इस दौरान 100 से ज्यादा संदिग्धों, रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की. इसके बाद उसके बुआ के लड़के के सुराग पर पुलिस आगरा से पकड़ा.
गर्लफ्रेंड की हत्या का भी था प्लान
पुलिस पूछताछ में यह भी सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि आरोपी वरुण वाल्मीकि अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या करने की फिराक में भी था. पुलिस के मुताबिक, वरुण की गर्लफ्रेंड आगरा में रहती है और ब्रेकअप के बाद उसकी भी हत्या की फिराक में था. इसी वजह से वह वरुण से छिप रही थी. 18 अगस्त को अपना फोन बेच दिया था और दूसरा फोन भी नहीं लिया, लेकिन दूसरा के फोन से इंस्टाग्राम पर 20 सितंबर तक गर्लफ्रेंड को गालियां पोस्ट करता रहा.
पकड़ाते ही पूछा- घर में धमाका हुआ या नहीं?
पुलिस ने बताया कि जब पूछताछ के दौरान वरुण से हत्या में इस्तेमाल ब्लेड के बारे में पूछा गया, तो उसने कहा कि घर में ही फेंका था और आग में जल गया होगा. आग को लेकर जब पुलिस ने पूछा, तो वरुण ने सवाल किया- धमाका नहीं हुआ, आग नहीं लगी क्या? दरअसल, आरोपी ने विस्फोट कराने के इरादे से घर में 2 गैस सिलेंडर खोलकर छोड़ दिए थे. इसके साथ ही कपड़ों पर प्रेस रखकर उसका स्विच भी चालू कर दिया था.
क्यों की पूर्व आईएएस की हत्या?
शुरुआती पूछताछ में वरुण बाल्मीकि ने पूर्व आईएएस राकेश अग्रवाल से नाराजगी को लेकर हत्या की बात कही है, लेकिन वजह की स्पष्ट जानकारी नहीं दी. वह किस बात पर नाराज था, पुलिस इसकी जांच कर रही है और पूछताछ जारी है. हत्या के बाद वरुण घर से नकदी और 23-24 डॉलर लेकर फरार हुआ था, जिसे बाद में उसने ग्वालियर में एक्सचेंज कराया था. वो अपने साथ राकेश अग्रवाल का फोन भी ले गया था, जो उसने वृंदावन में ऐसे शख्स को दिया था, जो अपने बारे में बता नहीं पाता था.