रिटायर्ड IAS मर्डर केस अपडेट: पंजाब के पटियाला का रहने वाला है आरोपी, पुलिस ने जारी किया फोटो और नंबर
Bhopal Retired IAS Officer Case: पुलिस ने रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी वरुण बाल्मीकि की एक तस्वीर और उसका नया हुलिया जारी किया है. आरोपी पंजाब के पटियाला का रहने वाला है.
भोपाल के रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में पुलिस को लगातार नए सुराग मिल रहे हैं. जांच के दौरान फरार आरोपी केयरटेकर वरुण बाल्मिकी की लोकेशन सबसे पहले मथुरा में ट्रेस की गई थी. इसके बाद पुलिस ने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य संदिग्ध की नई फोटो और उसका पूरा हुलिया सार्वजनिक किया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी वरुण बाल्मिकी मूल रूप से पंजाब के पटियाला जिले की नाभा तहसील की आशा कॉलोनी का रहने वाला है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें आरोपी के बारे में कोई जानकारी मिले तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें. पुलिस का दावा है कि जारी की गई फोटो और हुलिए के आधार पर आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा.
आरोपी के गले पर बने टैटू से होगी पहचान
आरोपी की पहचान के लिए पुलिस ने एक खास निशान भी बताया है. उसके गले पर टैटू बना हुआ है, जिससे उसे पकड़ना आसान हो सकता है. पुलिस ने आरोपी को पकड़वाने वाले या उसकी जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये का इनाम देने का ऐलान किया है.
पुलिस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
जांच को तेज करते हुए क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस स्टेशन ने लोगों से सहयोग की अपील की है. इसके लिए पुलिस ने दो विशेष मोबाइल नंबर क्राइम ब्रांच (9479990574) और थाना रातीबड़ (9479990689) जारी किए हैं.
आरोपी की तलाश में पांच राज्यों की पुलिस
हत्या के बाद से आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर रखा था, इसलिए पुलिस को उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही थी. हालांकि, रविवार को उसने कुछ देर के लिए फोन चालू किया था, जिसके बाद उसकी लोकेशन मथुरा में मिली. अब पुलिस मोबाइल ट्रैकिंग के साथ-साथ मुखबिरों और लोगों से मिली जानकारी के जरिए आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. आरोपी की तलाश मध्य प्रदेश के अलावा यूपी, दिल्ली, पंजाब और राजस्थान में भी की जा रही है. पुलिस की टीमें उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं और उसके जान-पहचान वालों से पूछताछ कर रही है.
भोपाल पुलिस की इस तेज कार्रवाई से साफ है कि रिटायर्ड IAS अधिकारी राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में आरोपी पर कानून का शिकंजा कसता जा रहा है. आरोपी वरुण बाल्मीकि की तस्वीर, उसका मौजूदा हुलिया और गर्दन पर बने खास टैटू की जानकारी सार्वजनिक होने से उसके भागने के रास्ते बंद हो रहे हैं. ₹50,000 के इनाम की घोषणा और पुलिस हेल्पलाइन नंबर जारी करने से जनता और पुलिस के बीच बेहतर तालमेल बनेगा, जिससे यह उम्मीद बढ़ गई है कि पटियाला से जुड़े इस 'मोस्ट वांटेड' आरोपी को जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.