राजधानी भोपाल के बैरागढ़ में 12 साल की बच्ची की हत्या के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा देखने को मिला. थाने के बाहर लोगों ने चक्काजाम कर गाड़ी और कुर्सियों को फेंका. हत्या के आरोपी को फांसी देने की मांग पर अड़े हुए थे. वहीं जब पुलिस ने आश्वासन दिया, तो प्रदर्शनकारियों ने पदर्शन खत्म किया.
दरअसल, कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे एक खंडहर में बच्ची का शव पड़ा हुआ मिला था. उसके मुंह में कपड़ा भी ठुंसा हुआ था. बताया जा रहा है कि रेप के बाद हत्या की गई. फिलहाल पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है.
बच्ची के मुंह में मिला कपड़ा
मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की सुबह एक बच्ची कचरा बीनने के लिए खंडहर इलाके में गई हुई थी. बच्ची ने शव देखा तो उसने वहां मौजूद लोगों को जानकारी दी. उसने मृतका की दादी को भी बताया. इसके बाद दादी थाने पहुंची, जहां पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. खंडहर में बच्ची का शव मिलने की जानकारी मिलते ही बैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. शव के ऊपर कपड़ा ढका हुआ था. बच्ची के मुंह में कपड़ा भी मिला, जबकि शरीर के निचले हिस्से पर कपड़े नहीं थे.
युवक को हिरासत में लिया
घटना की जगह से बच्ची के कपड़े, पॉलिथीन में आपत्तिजनक सामग्री और लोहे की रॉड के टूटे हुए टुकड़े भी बरामद हुए हैं. पुलिस ने पूछताछ और जांच के बाद एक युवक को हिरासत में लिया है. वह भी कचरा बीनने का काम करता है. बताया जा रहा है कि वह बच्ची का मुंह दबाकर उसे खंडहर के अंदर ले गया. बच्ची से रेप किया. इसके बाद सबूत मिटाने के लिए हत्या कर दी. शव को खंडहर में ही छोड़कर भाग गया. फिलहाल जांच में रेप-हत्या के बारे में पता नहीं चल पाया है.
बच्ची की मौत कैसे हुई?
पुलिस ने बताया कि बच्ची की गुमशुदगी दर्ज नहीं की गई थी. शुक्रवार-शनिवार की रात को 2 बजे परिजनों ने जानकारी दी थी. सूचना के आधार पर बच्ची की तलाश की गई थी. वहीं शनिवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम कराया जाना है. उसके बाद ही पता चल पाएगा कि बच्ची की हत्या की गई है या फिर उसकी मौत कैसे हुई है.