भिंड में बड़ा हादसा: चादर बदलते ही धंस गई जमीन, पलंग समेत 16 फीट गहरे गड्ढे में समाई महिला, ऐसे बची जान
भिंड में चादर बदलते समय 45 वर्षीय महिला के कमरे का फर्श अचानक धंस गया. वह पलंग समेत 16 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी. परिजनों और स्थानीय लोगों ने सीढ़ी की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.
भिंड में एक ऐसा हादसा सामने आया है, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. घर के कमरे में महिला पलंग पर बिछी चादर बदल रही थी, तभी अचानक कमरे का फर्श भरभराकर धंस गया. महिला पलंग समेत करीब 16 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी. घर के अंदर अचानक जमीन फटने से अफरा-तफरी मच गई. गनीमत रही कि स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से महिला को सीढ़ी उतारकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है.
घटना भिंड शहर के गर्ल्स स्कूल वाली गली की है. बुधवार रात करीब 9 बजकर 15 मिनट पर 45 वर्षीय निशि मिश्रा अपने घर के कमरे में पलंग की चादर बदल रही थीं. इसी दौरान अचानक कमरे का फर्श धंस गया और देखते ही देखते महिला पलंग समेत करीब 16 फीट गहरे गड्ढे में समा गई. हादसे के वक्त परिवार के सदस्य एक निमंत्रण में शामिल होने के लिए घर से बाहर गए हुए थे. जब परिजन वापस लौटे तो कमरे का फर्श धंसा देखकर उनके होश उड़ गए. महिला को गड्ढे में देखकर तत्काल राहत और बचाव का प्रयास शुरू किया गया.
पूर्वजों की कचहरी लगा करती थी
परिजनों के साथ छोटे भाई अनुप मिश्रा और स्थानीय लोगों ने गड्ढे में सीढ़ी उतारी और काफी मशक्कत के बाद निशि मिश्रा को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. डॉक्टरों से मिली जानकारी के मुताबिक, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है. इस हादसे के पीछे मकान के नीचे बनी एक पुरानी संरचना को वजह माना जा रहा है. मकान मालिक पंडित अनुराग मिश्रा ने बताया कि यह मकान वर्ष 1980 में उनके पिता और चाचा ने बनवाया था. बताया जाता है कि आजादी से पहले यहां उनके पूर्वजों की कचहरी लगा करती थी. कचहरी परिसर के नीचे अनाज भंडारण के लिए एक पुरानी खों बनाई गई थी.
ये भी पढ़ेंः रात 12 बजे डांट और 2 बजे हत्या: पूर्व IAS की हत्या पर केयरटेकर का खुलासा, पढ़ें आरोपी का कबूलनामा और साजिश की इनसाइड स्टोरी
कमरे का फर्श अचानक धंस गया
उन्होंने बताया कि समय के साथ यह तहखाना कमजोर होते चला गया और अब उसके ऊपर बने कमरे का फर्श अचानक धंस गया. बताया जा रहा है कि गड्ढा करीब 16 फीट गहरा है और उसके निचले हिस्से में पानी भी भरा हुआ है. आपको बता दे दो माह पहले सप्टेंबर को किला रोड स्थित हिन्नरिया गली में तीस फीट गहराई तक सड़क धस जाने से हड़कंप मच गया था. मौके पर पहुंचे पुरातत्व विभाग ने पुराना कुआं होने के बात कही थी. भिंड में घर के अंदर जमीन धंसने की इस घटना ने पुराने मकानों की मजबूती और उनकी नींव की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल, महिला की जान बच गई.