SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

यमराज-शनिदेव...मां ताप्ती-यमुना, बैतूल के इस मंदिर में एक साथ विराजे हैं 4 भाई-बहन, भाई दूज पर क्यों उमड़ती है भीड़?

बैतूल जिले में ताप्ती नदी के किनारे स्थित सूर्य परिवार मंदिर भाई दूज पर खास आस्था का केंद्र बन जाता है. यहां सूर्य देव की चार संतानें यमराज, शनिदेव, मां ताप्ती और मां यमुना एक साथ विराजमान हैं.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 09, 2026, 04:46 PM IST | Updated: Nov 09, 2026, 04:49 PM IST
Image Credit: ZEE CREATIVE
Join

भाई दूज का त्योहार, भाई-बहन के अटूट प्रेम और रिश्तों की मिठास का प्रतीक माना जाता है. इस दिन बहनें अपने भाई के माथे पर तिलक लगाकर उसकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि मध्यप्रदेश के बैतूल में एक ऐसा अनूठा मंदिर भी है, जहां भाई दूज का पर्व बेहद खास मान्यता के साथ मनाया जाता है. इस मंदिर का नाम सूर्य परिवार मंदिर है, जिसे लोग प्यार से भाई-बहन का मंदिर भी कहते हैं.

बैतूल के खेड़ी घाट पर ताप्ती नदी के पावन तट पर स्थित इस मंदिर की खासियत जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे. दरअसल, यहां एक साथ सूर्य देव के चार संतानें विराजमान हैं. एक तरफ न्याय के देवता शनिदेव और मृत्यु के देवता यमराज हैं, तो दूसरी तरफ उनकी बहनें मां ताप्ती और मां यमुना हैं. यानी एक ही मंदिर में भाई-बहन के इस दिव्य परिवार के दर्शन होते हैं.

लंबी उम्र की कामना करने की परंपरा

धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, भाई दूज यानी यम द्वितीया का संबंध सीधे यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ा हुआ है. मान्यता है कि इस दिन यमुना जी ने अपने भाई यमराज को अपने घर आमंत्रित कर उनका सत्कार किया था. तभी से भाई दूज पर बहन के घर जाकर तिलक लगवाने और भाई की लंबी उम्र की कामना करने की परंपरा चली आ रही है.

अकाल मृत्यु का भय दूर हो जाता है

इसी आस्था के चलते बैतूल के इस मंदिर में भाई दूज के दिन विशेष महत्व होता है. मान्यता है कि इस पावन अवसर पर भाई-बहन एक साथ ताप्ती नदी में स्नान करते हैं और सूर्य परिवार मंदिर में पूजा-अर्चना कर यमराज तथा शनिदेव से रक्षा की कामना करते हैं. श्रद्धालुओं का विश्वास है कि ऐसा करने से यम बाधाओं से मुक्ति मिलती है, अकाल मृत्यु का भय दूर होता है और परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि बनी रहती है.

भाई दूज पर क्या-क्या करते हैं लोग

भाई दूज के अवसर पर यहां सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है. कोई अपने भाई के साथ ताप्ती में आस्था की डुबकी लगाने पहुंचता है, तो कोई मंदिर में पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की खुशहाली की मन्नत मांगता है. दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह मंदिर केवल पूजा का स्थान नहीं, बल्कि भाई-बहन के रिश्ते की आस्था और पौराणिक परंपरा का अनूठा केंद्र है.

ये भी पढ़ेंः औरंगजेब के जमाने से चली आ रही परंपरा, दीपावली पर आज भी सजता है चित्रकूट का गधा मेला

श्रद्धालुओं की आस्था का खास केंद्र

यहां की खास बात यह है कि जिस भाई दूज पर देशभर में बहनें अपने भाइयों के लिए लंबी उम्र की कामना करती हैं, उसी दिन बैतूल के इस मंदिर में यमराज और शनिदेव के साथ उनकी बहनों मां ताप्ती और यमुना के दर्शन का विशेष महत्व माना जाता है. यही वजह है कि बैतूल का यह अनूठा सूर्य परिवार मंदिर भाई दूज पर श्रद्धालुओं की आस्था का खास केंद्र बन जाता है. जहां नदी की लहरों के बीच आस्था की डुबकी लगती है और भाई-बहन के अटूट प्रेम के साथ जीवन की सुख-समृद्धि की कामना की जाती है.

(रिपोर्टः रूपेश कुमार, बैतूल)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES