बिरसा में फिर मलेरिया का खौफः पहले 50 से ज्यादा बच्चों की हो चुकी है मौत, एक महीने में 100 से ज्यादा केस
बालाघाट के बिरसा आदिवासी इलाके में मलेरिया के मामले फिर पैर पसारने शुरू कर दिए हैं. एक महीने में 100 से अधिक बच्चे पॉजिटिव मिले हैं. कुछ का अस्पताल में इलाज चल रहा है. फिलहाल स्वास्थ्य विभाग इस पर निगरानी रखे हुए है.
बालाघाट जिले के बिरसा अंचल से एक बार फिर डराने वाली तस्वीर सामने आने लगी है. यहां मासूम बच्चे मलेरिया और त्वचा संबंधी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं. हालात ऐसे हैं कि बीमार होने वाले बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है और ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल बनने लगा है.
बिरसा के आदिवासी अंचल में बीमारियों ने एक बार फिर दस्तक देकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की चिंता बढ़ा दी है. बीते एक महीने के भीतर 100 से अधिक बच्चे मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं. इन बच्चों का अस्पताल में उपचार किया गया. इनमें से कुछ बच्चे अभी भर्ती हैं, जबकि कुछ स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं. सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि ठंड बढ़ने के साथ बीमार बच्चों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है.
पहले हो चुकी है बच्चों की मौत
यह वही इलाका है, जहां पहले मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों ने कहर बरपाया था. इलाके के अलग-अलग गांवों में आधा सैकड़ा से अधिक बच्चों की मौत हो चुकी है. इस त्रासदी का दर्द आज भी ग्रामीणों के जेहन में ताजा है. प्रभावित परिवारों का दुख अभी कम भी नहीं हुआ है कि बीमारी ने एक बार फिर दस्तक देनी शुरू कर दी है.
करीब 70 से 80 मरीज सामने आए
दक्षिण बैहर क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉक्टर देवेंद्र निगले ने बताया कि पिछले 15 दिनों में मलेरिया के करीब 70 से 80 मरीज सामने आए हैं. क्षेत्र में मरीजों की स्क्रीनिंग बढ़ाई गई है. पहले स्वास्थ्यकर्मी गांवों में ही मलेरिया की जांच कर दवा दे देते थे, लेकिन अब मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बुलाकर उपचार किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि फिलहाल सर्दी-खांसी के मरीज ज्यादा आ रहे हैं, जबकि स्क्रीनिंग बढ़ने से मलेरिया के मामले भी सामने आ रहे हैं.
स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है
वहीं डॉक्टर देवेंद्र निगले ने आगे बताया कि दक्षिण बैहर मलेरिया का एंडेमिक क्षेत्र है, जहां पहले भी इस बीमारी के मामले सामने आते रहे हैं. गंभीर मरीजों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार देना संभव नहीं होने पर बालाघाट या बैहर अस्पताल रेफर किया जाता है. मरीज की स्थिति के अनुसार उसे अस्पताल में भर्ती रखा जाता है. बच्चा स्थिर होने पर भी करीब तीन दिन तक निगरानी की जाती है. उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी मरीज की मौत नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.
फंगल इन्फेक्शन भी हो सकता
उन्होंने आगे बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम आशा वर्कर्स, एएनएम और सीएचओ के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों की स्क्रीनिंग कर रही है. साथ ही उन्हें जागरूक कर रही है. लोगों को मच्छरदानी का इस्तेमाल करने और घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने की सलाह दी जा रही है. उन्होंने कहा कि बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बड़ों की तुलना में कम होती है, इसलिए वे संक्रमण की चपेट में जल्दी आ सकते हैं. वहीं, त्वचा पर दाने आने के हर मामले को खसरा नहीं माना जा सकता. कुछ मामलों में फंगल इन्फेक्शन भी हो सकता है.
ये भी पढ़ेंः छठ की खुशी...ट्रेन में सफर, यात्रियों की धक्का-मुक्की से यूपी के युवक का फटा पेट, आंतें आ गई बाहर, 4 घंटे चला ऑपरेशन
कई गांवों के लिए बड़ी चुनौती
बिरसा का आदिवासी अंचल, यह वही इलाका है. जहां पहले मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों ने भयावह रूप दिखाया था. ऐसे में बीमारी की दोबारा दस्तक ने पुराने जख्मों को फिर हरा कर दिया है. स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच आज भी कई गांवों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है. यहां एक बार फिर मलेरिया के मामले सामने आने लगे हैं. घरों में बुखार से तपते मासूम, अस्पतालों में इलाज के लिए परेशान परिजन और गांवों में पसरा डर मौजूदा हालात की गंभीरता बयां कर रहे हैं.
(रिपोर्टः आशीष श्रीवास्तव, बालाघाट)