)
अनूपपुर में 24 EVM मशीनों के गायब होने के मामले को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. ईवीएम मशीनों की जांच के बीच कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर मोर्चा खोल दिया है. हाथों में EVM चोर गद्दी छोड़ के बैनर के लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने EVM के मामले में जवाब देने और स्थिति स्पष्ट करने की मांग की.
मामला अनूपपुर के पुराने तहसील कार्यालय के पीछे बने EVM वेयरहाउस से जुड़ा है. सत्यापन के दौरान 24 मशीनें कम मिलीं, जिनमें 8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट बताई जा रही हैं. कांग्रेस जिला अध्यक्ष गुड्डू सिंह चौहान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर निष्पक्ष जांच की मांग की. कांग्रेस का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और सत्ताधारी पार्टी को घेरने के लिए सड़कों पर उतरकर EVM चोर, इस्तीफा दो लिखे बैनर दिखाए और तीखे सवाल उठाए. साथ ही, उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की. यह मुद्दा अब सिर्फ 24 EVM का नहीं रह गया है. बल्कि यह पूरे सिस्टम की निगरानी से जुड़ा है, खासकर यह कि चुनाव से जुड़ी इतनी संवेदनशील सामग्री आखिर गायब कैसे हो गई?
खुले मैदान में मिली थीं EVM मशीनें
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 20 अगस्त को EVM खुली जगह पर पड़ी मिली थीं, जबकि मशीनों को 21 सितंबर को नए तहसील ऑफिस में शिफ्ट किया गया था. बाद में 24 से 28 सितंबर के बीच हुई जांच में मशीनों की कमी का पता चला. अनूपपुर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, EVM के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ या चुनाव नतीजों पर किसी असर की पुष्टि नहीं हुई है.
जिला अध्यक्ष का आरोप
इस मामले में आरोप लगाते हुए जिला अध्यक्ष गुड्डू सिंह चौहान ने कहा कि EVM को लेकर अनूपपुर में जो सवाल और शंकाएं सामने आई हैं, उनका निष्पक्ष जांच के जरिए जवाब मिलना चाहिए, लोकतंत्र में जनता के वोट और जनादेश की पवित्रता सर्वोपरि है. कांग्रेस किसी भी तरह की अनियमितता को लेकर चुप नहीं बैठेगी, हम मांग करते हैं कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और सच्चाई जनता के सामने लाई जाए, जब तक सवालों का स्पष्ट जवाब नहीं मिलता. कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी.