देश में पहली बार आंतरिक सुरक्षा पर अमित शाह की बड़ी बैठक, नए आपराधिक कानून, साइबर क्राइम और माओवादी हिंसा पर 2 घंटे मंथन
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 2 अक्टूबर की रात 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे. शनिवार को वे बीएचईएल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय सम्मेलन में शामिल होंगे और 35000 गोपालकों से संवाद करेंगे. इसके अलावा कानून व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन को लेकर बैठक में चर्चा करेंगे.
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को भोपाल पहुंचेंगे. अपने दौरे के दौरान शनिवार को अमित शाह BHEL दशहरा मैदान में गोपालकों के लिए आयोजित राज्य-स्तरीय सम्मेलन में शामिल होंगे, जहां वे पूरे राज्य से आए 35,000 से ज्यादा पशुपालकों से सीधे बातचीत करेंगे. इसके अलावा कानून व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर केंद्र और राज्य के बीच समन्वय को लेकर करीब 2 घंटे बैठक भी करेंगे. बैठक में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन की स्थिति और उन्हें प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए जरूरी संसाधनों की उपलब्धता पर चर्चा होगी. इसमें फोरेंसिक मोबाइल वैन जैसे संसाधनों की स्थिति भी शामिल है.
इसके अलावा देश विरोधी गतिविधियों और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी मंथन होगा. माओवादी हिंसा के उन्मूलन के बाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की जाएगी. नशा मुक्ति अभियान को लेकर मध्य प्रदेश सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयास और इस दिखा में विभिन्न राज्यों के बीच बेहतर समन्वय के मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में शामिल रहेंगे. इन सभी विषयों पर करीब दो घंटे तक बैठक चलेगी.
आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर मंथन
आंतरिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर इस तरह की बैठक पहली बार हो रही है. इस बैठक में केंद्रीय गृह सचिव, ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट के डायरेक्टर, नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो और इंटेलिजेंस ब्यूरो के डायरेक्टर शामिल होंगे. बैठक में साइबर अपराध खासकर वित्तीय धोखाधड़ी को रोकने और ऐसे अपराधों से जुड़े फंड को फ्रीज करने के लिए मिलकर किए जाने वाले प्रयासों पर चर्चा होगी. इससे पहले अमित शाह BHEL दशहरा ग्राउंड में नए कानूनों पर आधारित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और उसका दौरा करेंगे. यह प्रदर्शनी 16 जोन में फैली हुई है और पांच दिनों तक आम जनता के लिए मुफ्त खुली रहेगी.
गोपालकों से करेंगे संवाद
BHEL दशहरा ग्राउंड में नए कानून की प्रगति को लेकर एक नाटक का भी मंचन किया जाएगा. इसके बाद दोपहर 12:00 बजे, अमित शाह गोपालकों के एक सम्मेलन को संबोधित करेंगे. इसमें भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के 35,000 पशुपालकों के साथ-साथ संबंधित सहकारी समितियों के सदस्यों और पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है. यहीं से वे उज्जैन में बनने वाले डेयरी प्लांट की आधारशिला वर्चुअली रखेंगे. साथ ही वे सांची मिल्क यूनियन में फर्मेंटेड डेयरी उत्पादों के उत्पादन की शुरुआत करेंगे.