App

PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल: MP-छत्तीसगढ़ में निकलेगी 'सेवा ज्योति कलश यात्रा', दिग्गज नेता होंगे शामिल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सुशासन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी आज मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' निकाल रही है. पार्टी कार्यकर्ता LED स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी का सीधा संबोधन सुनेंगे.

PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल: MP-छत्तीसगढ़ में निकलेगी 'सेवा ज्योति कलश यात्रा', दिग्गज नेता होंगे शामिल
Image Credit: PM मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सुशासन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बड़े पैमाने पर 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' आयोजित कर रही है. इस सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए गए राष्ट्र-निर्माण, समाज कल्याण और विकास के संकल्पों को जन-भागीदारी के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाना है.

उज्जैन में शामिल होंगे CM मोहन यादव!
मध्य प्रदेश में यह यात्रा सभी जिला मुख्यालयों में निकाली जाएगी.सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस यात्रा में पार्टी के दिग्गज नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे. इस पहल के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उज्जैन में 'सेवा ज्योति कलश यात्रा' में शामिल होकर पार्टी कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाएंगे. वहीं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल बैतूल में इस यात्रा का नेतृत्व करेंगे. राज्य-व्यापी इस यात्रा के जरिए बीजेपी संगठन सामाजिक कल्याण और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत करने का काम करेगा.

रायपुर स्थित कृषि महाविद्यालय में कार्यक्रम
छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में आज बीजेपी की ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी. मुख्य कार्यक्रम रायपुर स्थित कृषि महाविद्यालय में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और सांसद बृजमोहन अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. दोनों राज्यों में खास LED स्टेज बनाए गए हैं, ताकि लाखों पार्टी कार्यकर्ता पीएम मोदी का लाइव संबोधन सुन सकें. यह अभियान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और मोदी सरकार की नीतियों को हर घर तक पहुंचाने का एक बड़ा जरिया बनेगा.

सीएम विष्णु देव साय ने दी बधाई
सीएम विष्णु देव साय ने बधाई देते हुए सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि, सरकार के प्रमुख के रूप में जनसेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण करने पर यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में आरंभ हुई आपकी सार्वजनिक जीवन की यह यात्रा आज विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के विराट संकल्प तक पहुंची है. आपके नेतृत्व में भारत ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं. 

 

सीएम ने आगे लिखा- नक्सलवाद जैसी गंभीर चुनौती के विरुद्ध निर्णायक प्रयासों से देश में शांति और सुरक्षा को मजबूती मिली है. वहीं, बढ़ती आर्थिक सामर्थ्य, आत्मनिर्भरता और वैश्विक विश्वास ने भारत की भूमिका को विश्व पटल पर और सशक्त किया है. राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसेवा के प्रति आपका निरंतर समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। आपके नेतृत्व में भारत इसी तरह प्रगति और समृद्धि की राह पर निरंतर आगे बढ़ता रहे, यही मंगलकामना है.

पीएम मोदी ने श्रीविनायक मंदिर में किए दर्शन
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार सुबह दिल्ली के सरोजिनी नगर स्थित श्रीविनायक मंदिर में दर्शन किए. आज देश सेवा के प्रमुख के तौर पर उनके 25 साल पूरे हो रहे हैं. पीएम मोदी ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया और आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं मांगीं.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Ranjana Kahar

Ranjana Kahar

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More