SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

चारों तरफ गहरा पानी, मगरमच्छों का खौफ और 4 महीने की कैद; टापू पर मौत से लड़ रही थीं 16 गाएं, ड्रोन वीडियो ने बदली किस्मत, फिर ऐसे बची जान

दमोह के सीतानगर डैम के टापुओं पर 4 महीने से फंसी 16 गाएं मौत से जंग लड़ रही थीं, लेकिन एक ड्रोन वीडियो ने किस्मत बदली और फिर उनका रेस्क्यू किया गया.

Edited By Sumit Rai
Published: Nov 14, 2026, 16:47 IST | Updated: Nov 14, 2026, 16:56 IST
Image Credit: 16 गाएं पिछले चार महीनों से जंग लड़ रही थीं.
Join

कल्पना कीजिए, आपको किसी बड़े डैम के बीच बने टापू पर छोड़ दिया जाए तो आपका हाल क्या होगा? ये सोचकर भी आपका दिल सिहर जाएगा, लेकिन कोई एक दो दिन नहीं, बल्कि चार महीने से टापुओं पर जिंदगी की जंग लड़ रहा था. बस फर्क इतना है कि ये इंसान नहीं, बल्कि गौवंश यानी गाएं थीं. अब कुछ नौजवानों की बदौलत इस गौवंश ने जिंदगी की जंग जीत ली है और एक रेस्क्यू चलाकर सभी 16 गायों को बचा लिया गया है. तो चलिए आपको बताते हैं कि पूरा मामला क्या है, कैसे ये गाएं टापू पर फंस गई थीं और कैसे इनको बचाया गया.

चारों तरफ, जहां तक नजर जाए वहां पानी ही पानी. लंबाई और चौड़ाई इतनी कि जो भी इसे आंखों से देखे उसे सिर्फ पानी ही पानी नजर आए. कोई इंसान या वस्तु यदि इस पानी में चली जाए, तो उसका बचना मुश्किल ही है. और इसी पानी के बीच कुछ टापू भी हैं और इन्हीं टापुओं पर एक दो नहीं, बल्कि 16 जिंदगियां पिछले चार महीनों से जंग लड़ रही थीं. इन्हें आस थी कि कभी किसी की निगाह पड़ेगी और उन्हें पानी के बीच बने टापुओं से निकाला जाएगा और वो भी अपनी जिंदगी जी सकेंगी.

किस्सा 16 गायों की जिंदगी बचाने का

बस फर्क इतना है कि ये जिंदगी इंसानों की नहीं, बल्कि गौवंश यानी गायों की थी, जो बोल भी नहीं सकतीं और मदद भी नहीं मांग सकतीं. कहते हैं ना जब ऊपर वाले की कृपा हो, तो कोई भी मौत के मुंह से बाहर आ सकता है और इन 16 गायों के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. मामला एमपी के दमोह जिले का है, जहां बने सीतानगर डैम के टापुओं पर फंसी 16 गायों की जिंदगी बचाई गई है. दरअसल, सीतानगर में बने सिंचाई परियोजना के डैम में कई टापू हैं और अमूमन वहां तक किसी की नजर नहीं जाती.

गायों के फंसने की बात कैसे आई सामने?

इत्तेफाक हुआ कि चैनपुरा गांव के एक युवक ने ड्रोन कैमरा लिया और वो इस डैम का वीडियो बना रहा था. वीडियो बनाते-बनाते कैमरे में कुछ ऐसा कैद हुआ, जिसने युवक को हिला कर रख दिया. कैमरे में अलग-अलग टापुओं में गाएं फंसी हुई नजर आईं, जिसे देखकर युवक हैरान रह गया. युवक से ये हालात देखे नहीं गए, लेकिन वो चाहकर भी इन गायों को यहां से निकाल नहीं सकता था. फिर उसने दिमाग लगाया और सोशल मीडिया का सहारा लिया. उसने ड्रोन कैमरा के वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर इन गायों को बचाने की अपील की. उसकी ये कोशिश कामयाब हुई. इस अपील और वीडियो को वैसे तो लाखों लोगों ने देखा, लेकिन दमोह में बीते 9 सालों से निस्वार्थ रूप से निराश्रित गौवंश की सेवा में लगे नौजवानों की टीम वैष्णवी निस्वार्थ गौसेवा समिति के सदस्यों ने इस वीडियो को देखकर युवक से संपर्क किया.

फिर पूरी टीम इस चैनपुरा क्षेत्र में पहुंची. हालातों का जायजा लिया और जिले में बनी एसडीआरएफ की टीम से इन गौसेवकों ने मदद मांगी और होमगार्ड की इस टीम ने भी वक्त नहीं लगाया. एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे और फिर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ. डैम के भीतर की टापुओं की दूरी किनारे से करीब एक से डेढ़ किलोमीटर थी. इतनी दूरी पानी के भीतर तय करने के बाद ही टापुओं तक पहुंचा जा सकता था, लेकिन गौवंश को बचाने के लिए इन नौजवानों की टीम ने हार नहीं मानी और तीन अलग-अलग टीम इस डैम में उतरी और फिर टापुओं तक पहुंचकर गायों तक पहुंची. इन गायों ने महीनों बाद इंसान देखे थे और जैसे मवेशियों का स्वभाव होता है, वो उछल कूद करने लगीं. कड़ी मशक्कत के बाद एक-एक गाय को टापू से नीचे उतारा गया और पानी के भीतर ही एक से डेढ़ किलोमीटर दूरी तय करके उन्हें सुरक्षित गांव तक लाया गया.

आखिर पानी के बीच टापुओं तक कैसे पहुंची ये गाएं?

अब सवाल यह है कि आखिर ये गाएं इन टापुओं तक पहुंची कैसे? दरअसल, सीतानगर के इस विशाल डैम में बारिश के दिनों में लबालब पानी भर जाता है और बीच-बीच में इसके गेट खोले जाते हैं. ये छोड़ा हुआ पानी आसपास के कई किलोमीटर के एरिया में जाता है. सरकार ने नियमानुसार, आसपास के कई गांव खाली कराए और इनमें ये टापू भी शामिल हैं, लेकिन कुछ गांवों में अभी भी बसाहट है और यहां के जानवर इन टापुओं पर जाते हैं. अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये गौवंश इन टापुओं पर चरने गए होंगे और जब गेट खुले तो पानी के बहाव में टापू डूब क्षेत्र में आ गए. चारों तरफ पानी भर गया और ऐसे में इन गायों का निकलना मुश्किल हो गया. टापुओं की दूरी भी इतनी कि आमतौर पर किसी की नजर इन टापुओं पर गौवंश पर नहीं पड़ी. इत्तेफाक था कि ड्रोन कैमरे में इन्हें कैद कर लिया.

ये भी पढ़ें- मौत से पहले कहां सोता रहा वन विभाग? सूरजपुर में कबरा हाथी ने 24 घंटे में ली 3 जानें, देखें आंकड़े

चारों तरफ गहरा पानी, मगरमच्छों का खौफ

दमोह जिले में इस तरह का रेस्क्यू ऑपरेशन पहला है, जब किसी डैम के बीचोंबीच बने टापुओं से गायों को रेस्क्यू किया गया है. ये बेहद कठिन ऑपरेशन था और जोखिम से भरा था, क्योंकि पानी की गहराई का अंदाजा भी नहीं था और दूरी भी ज्यादा थी. इसके अलावा सबसे बड़ा खतरा मगरमच्छों का था. इस डैम में कई मगरमच्छ हैं और इससे खतरा था, लेकिन अच्छे उद्देश्य को लेकर किया गया काम इस चुनौती पर भारी पड़ा.

इस बड़े ऑपरेशन के बाद सभी 16 गाएं सुरक्षित बाहर निकाली गई हैं और चार महीनों तक जंग लड़ने वाली गायों को दूसरा जीवन दान मिला है. इनमें से दो गायों की हालत गड़बड़ थी, तो गौसेवकों ने उन्हें ऐसे ही नहीं छोड़ा, बल्कि उन्हें वो अपने साथ दमोह लाए, जहां अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा है. (इनपुट- महेंद्र दुबे)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES