SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

इटारसी जंक्शन पर ट्रेन में हंगामा: जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट में शामिल होने जा रहे 15 लोग हिरासत में

Narmadapuram News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज 'कॉकरोच पार्टी' का प्रदर्शन होना है. इसमें शामिल होने जा रहे 15 लोगों को पुलिस ने इटारसी जंक्शन पर हिरासत में ले लिया है. इस कार्रवाई के बाद लोगों में नाराजगी है.

Written By Ranjana Kahar
Published: Oct 10, 2026, 09:16 AM IST | Updated: Oct 10, 2026, 09:26 AM IST
Image Credit: जंतर-मंतर पर प्रोटेस्ट में शामिल होने जा रहे 15 लोग हिरासत में- (Photo Ai)
Join

दिल्ली के जंतर-मंतर पर 10 अक्टूबर को होने वाले प्रस्तावित 'कॉकरोच पार्टी' विरोध प्रदर्शन से पहले मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले की पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.महाराष्ट्र से गोवा एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए दिल्ली की ओर बढ़ रहे 15 युवक-युवतियों को इटारसी जंक्शन पर ही रोक लिया गया. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए जनरल कोच से 12 युवकों और 3 युवतियों को नीचे उतारा और उन्हें हिरासत में ले लिया.

पुलिस छावनी में बदला निजी रिसोर्ट
पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी युवक-युवतियों को एक प्राइवेट रिसॉर्ट में रखा है. रिसॉर्ट के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे परिसर को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है. बताया जा रहा है कि, मौके पर करीब 50 महिला पुलिसकर्मी तैनात की गई हैं, जबकि एडिशनल SP पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं.

अधिकारियों ने जानकारी देने से किया मना
बताया जा रहा है कि उन सभी को कल शाम से ही रिसॉर्ट में रखा गया है. हालांकि, जब मीडिया ने इस मामले में स्थानीय पुलिस अधिकारियों से आधिकारिक जानकारी लेने की कोशिश की, तो किसी ने भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. अधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस मुद्दे पर बयान देने या इंटरव्यू देने की इजाजत नहीं है.

CJP प्रोटेस्ट को लेकर दिल्ली में सुरक्षा के कड़े कदम
जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) के खिलाफ 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में काफी तनाव है. दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों और नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए इस प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. इसके बावजूद, प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े कदम उठाए हैं. दिल्ली के कई हिस्सों में कड़ी सुरक्षा के बीच मेट्रो स्टेशनों और कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है, और एहतियात के तौर पर कई लोगों को हिरासत में लिया गया है.

सागर में भी विरोध
इस बीच, कांग्रेस समेत विपक्षी पार्टियां देश भर में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रही हैं. सागर जिले के देवरी इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताने के लिए सड़कों पर उतरकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की. वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मौजूदा सरकार और चुनाव आयोग लोकतंत्र की हत्या कर रहे हैं. दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले 'कॉकरोच पार्टी' के विरोध प्रदर्शन से पहले, इटारसी जंक्शन पर पुलिस की सख्त कार्रवाई राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है. महाराष्ट्र से आ रहे प्रदर्शनकारियों को रास्ते में रोकना, उन्हें एक प्राइवेट रिसॉर्ट में हिरासत में लेना और भारी पुलिस बल तैनात करना यह दिखाता है कि प्रशासन कानून-व्यवस्था को लेकर कितना सतर्क है.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES