खजराना गणेश मंदिर: बप्पा को लगेगा सवा लाख मोदक का भोग....10 दिवसीय महोत्सव की खास तैयारी, लागू हुआ वन-वे ट्रैफिक सिस्टम
Indore News: आज से गणेश उत्सव शुरू हो गया है. इस खास मौके पर इंदौर के मशहूर खजराना गणेश मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है. 10 दिनों तक चलने वाले इस उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में भक्तों के आने की उम्मीद है. भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन का नया प्लान लागू किया है.
इंदौर के ऐतिहासिक और मशहूर खजराना गणेश मंदिर में 10 दिन तक चलने वाला गणेश उत्सव धूमधाम से शुरू हो गया है. मंदिर में सुबह से ही वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना शुरू हो गई. उत्सव के दौरान भगवान खजराना गणेश का रोजाना भव्य श्रृंगार किया जाएगा. सोमवार सुबह मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष कलेक्टर शिवम वर्मा और नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ध्वज पूजन और महाआरती करेंगे. भगवान गणेश को सवा लाख मोदक का भोग लगाया जाएगा. पूरे मंदिर को फूलों और रोशनी से सजाया गया है.
5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
मंदिर प्रशासन के अनुसार 5 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है. भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने एक खास डायवर्जन प्लान लागू किया है. बंगाली चौराहे से सिद्धि विनायक अस्पताल की ओर जाने वाली सर्विस रोड बंद कर दी गई है और श्रद्धालुओं को ले जाने वाले वाहनों के लिए वन-वे रूट तय किया गया है. साथ ही ट्रैफिक सुचारू रूप से चलता रहे, इसके लिए सिटी बसों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है. अगर आप बाहर निकल रहे हैं, तो किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए पहले ही ट्रैफिक डायवर्जन के बारे में जानकारी जरूर ले लें.
अनंत चतुर्दशी पर निकलेगी आकर्षक झांकी
इस बीच, अनंत चतुर्दशी के मौके पर भगवान श्री गणेश की एक आकर्षक झांकी निकाली जाएगी. भक्तों को आसानी से दर्शन कराने के लिए मंदिर परिसर के इलाके में वन-वे ट्रैफिक रूट तय किया गया है.
अगर खजराना जा रहे हैं तो ध्यान दें
खजराना गणेश मंदिर में गणेशोत्सव को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने एक खास डायवर्जन प्लान लागू किया है. रविवार से बंगाली चौराहा से सिद्धि विनायक अस्पताल तक जाने वाली सर्विस रोड पर गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी. भक्त खजराना चौराहा, सर्विस रोड, सिद्धि विनायक अस्पताल, गणेशपुरी मेन रोड और गोयल विहार नाइट शेल्टर होते हुए मंदिर की पार्किंग तक पहुंच सकेंगे.
इन रास्तों का कर सकते हैं इस्तेमाल
इसके अलावा, दर्शन के बाद गाड़ियां कालका माता मंदिर गेट, गणेश मंदिर चौराहे और पीपल चौराहे से होते हुए खजराना चौराहे की ओर निकलेंगी. खजराना गांव जाने वाली गाड़ियां गोया रोड का इस्तेमाल कर सकती हैं. भीड़ और सुरक्षा इंतजामों को देखते हुए खजराना चौराहे से स्टार चौराहे तक और पीपल चौराहे से खजराना की ओर जाने वाले रास्तों पर सिटी बसों की एंट्री पर रोक रहेगी. ट्रैफिक आसानी से चलता रहे इसके लिए पुलिस टीम ने रास्ते में पार्क की गई सत्तर से ज़्यादा गाड़ियों को वहां से हटा दिया है.