South Africa vs Zimbabwe 4th Match: साउथ अफ्रीका ने नामीबिया टी20 ट्राई-सीरीज के चौथे मैच में जिम्बाब्वे के खिलाफ 43 रनों की एक बेहद आसान और शानदार जीत दर्ज की है. मंगलवार को नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की इस शानदार जीत के हीरो उनके युवा बल्लेबाज लुआन-ड्रे प्रिटोरियस रहे. उन्होंने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ 94 रनों की पारी खेलकर इस जीत की मजबूत बुनियाद रखी.
इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 185 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. सलामी बल्लेबाज प्रिटोरियस ने केवल 51 गेंदों में 94 रनों की एक बेहद आक्रामक पारी खेली. अपनी इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाए, हालांकि वह अपने पहले अंतरराष्ट्रीय टी20 शतक से महज 6 रनों से चूक गए.
ब्रेविस ने निभााया प्रिटोरियस का साथ
पारी के दौरान प्रिटोरियस को दूसरे छोर पर युवा सनसनी डेवाल्ड ब्रेविस का बेहतरीन सहयोग मिला, जिन्होंने केवल 27 गेंदों में तेज तर्रार 41 रन बनाए. इन दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर साउथ अफ्रीका को एक बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था, लेकिन पारी के आखिरी ओवरों में जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने नियमित अंतराल पर विकेट चटकाकर शानदार वापसी की और साउथ अफ्रीका को 200 रनों का आंकड़ा छूने से रोक दिया.
जिम्बाब्वे के बल्लेबाज फेल
186 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम शुरुआत से ही रन गति बनाए रखने के लिए संघर्ष करती नजर आई और पूरी टीम 17.4 ओवरों में महज 142 रनों पर सिमट गई. जिम्बाब्वे की तरफ से कप्तान सिकंदर रज़ा ने 33 गेंदों में 45 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेली और न्यूमैन न्यामहुरी ने 27 रनों का योगदान दिया, लेकिन यह कोशिश टीम को हार से बचाने के लिए नाकाफी साबित हुई.
साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों का कहर
साउथ अफ्रीका की जीत में उनके गेंदबाजों का भी अहम योगदान रहा ब्योर्न फोर्टुइन सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने अपनी फिरकी के जाल में जिम्बाब्वे को फंसाते हुए 3.4 ओवरों में केवल 24 रन देकर 4 विकेट चटकाए. वहीं, तेज गेंदबाज डुआन जानसेन ने भी बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. इन दोनों की घातक गेंदबाजी के सामने जिम्बाब्वे के बल्लेबाज लगातार दबाव में बिखरते चले गए.