India vs West Indies 1st ODI Highlights: विराट कोहली और शुभमन गिल के शानदार शतक की बदौलत भारत ने पहले वनडे में वेस्टइंडीज को 8 विकेट से रौंद दिया. तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 295 रन बनाए थे. भारत ने बहुत आसानी से 2 विकेट खोकर 42वें ओवर में लक्ष्य का पीछा कर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. विराट कोहली ने 77 गेंदों पर सेंचुरी जड़ी. ये उनके ODI करियर का 55वां और इंटरनेशनल करियर का 86वां शतक है. 139 रनों की शानदार पारी के दौरान उन्होंने वनडे इंटरनेशनल में अपने 15000 रन भी पूरे कर लिए. कप्तान शुभमन गिल ने भी बल्ले से कोहराम मचाते हुए अपने ODI करियर का 10वां शतक ठोका. कोहली ने इस पारी के दौरान 10 चौके और 9 छक्के जड़े.
296 रनों का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी रही. रोहित शर्मा ने कुछ आकर्षक शॉट्स खेले लेकिन 34 गेंदों पर 32 रन बनाकर आउट हो गए. उसके बाद शुभमन गिल और विराट कोहली ने वेस्टइंडीज को मैच में वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया. दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 132 गेंदों पर 151 रनों की शानदार साझेदारी हुई. शुभमन गिल 108 गेंदों पर 110 रन बनाकर आउट हुए. कोहली ने आक्रामक रवैया जारी रखा और भारत को जीत दिलाकर ही सांस ली. उनके साथ ऋतुराज गायकवाड़ 13 रन बनाकर नाबाद रहे.
इससे पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. वेस्टइंडीज के ओपनर्स ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई. जस्टिन ग्रीव्स और जॉन कैम्पबेल के बीच 135 रनों की साझेदारी हुई. कुलदीप यादव ने भारत को पहली सफलता दिलाई और उसके बाद वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ा गई. 200 रन के अंदर उन्होंने 5 विकेट गंवा दिए. इस बीच जस्टिन ग्रीव्स ने अपने ODI करियर का पहला शतक ठोका. भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने सबसे अधिक 4 विकेट झटके. प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक विकेट झटके. तीन मैचों की सीरीज का दूसरा मैच बुधवार, 30 सितंबर को गुवाहाटी में होगा.