ENG vs PAK: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन में बुधवार (9 सितंबर) को शुरू हुआ. मैच के पहले दिन इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पाकिस्तान की टीम पहली पारी में 133 रनों पर सिमट गई. जवाब में इंग्लैंड ने स्टंप के समय तक अपनी पहली पारी में 4 विकेट पर 156 रन बना लिए हैं. उसे 23 रनों की बढ़त मिल गई. मैच के पहले ही दिन 14 विकेट गिर गए.
पाकिस्तान की बात करें तो उसके लिए सऊद शकील ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए. कप्तान बाबर आजम 7 और पूर्व कप्तान शान मसूद 5 रन बनाकर आउट हुए. सैम अयूब खाता नहीं खोल पाए और अजान आवेश 9 रन ही बना सके. अब्दुल्ला शफीक 3 और डेब्यू करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज गाजी गोरी 4 रन बनाकर आउट हुए. गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने 21 और पहला टेस्ट खेल रहे रजाउल्लाह ने 11 रन बनाकर पाकिस्तान को 133 रनों तक पहुंचाया. इंग्लैंड के लिए जोश टंग ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए. ओली रॉबिंसन और जोफ्रा आर्चर ने 3-3 विकेट लिए.
इंग्लैंड को भी इसके अच्छी शुरुआत नहीं मिली. उसने 39 रन तक अपने 3 विकेट गंवा दिए थे. बेन डकेट 11, जॉर्डन कॉक्स 4 और कप्तान जो रूट 8 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद एमिलियो गे और हैरी ब्रूक ने चौथे विकेट के लिए 104 रनों की साझेदारी की. एमिलियो गे 114 गेंद पर 9 चौकों की मदद से 60 रन बनाकर आउट हुए. हैरी ब्रूक 52 और डैन लॉरेंस 5 रन बनाकर नाबाद हैं. अपना पहला टेस्ट खेल रहे रजाउल्लाह ने जो रूट और एमिलियो गे को आउट किया. मोहम्मद अली ने बेन डकेट और मोहम्मद अब्बास ने जॉर्डन कॉक्स का विकेट लिया.
इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया. पाकिस्तान ने लॉर्ड्स में दूसरे टेस्ट में हार के बाद सात खिलाड़ियों को घर भेजकर बड़ा सरप्राइज दिया था. उसने अपनी टीम में चार बदलाव किए. पाकिस्तान के लिए विकेटकीपर गाजी गोरी, बॉलर इमरान रंधावा और रजाउल्लाह खान ने अपना टेस्ट डेब्यू किया. ओपनर सैम अयूब टीम में वापस आए. लॉर्ड्स में पाकिस्तान को 194 रन से हराकर इंग्लैंड सीरीज में 2-0 से आगे हो गया. इससे पहले इंग्लिश टीम ने लीड्स में पहला टेस्ट मैच में पारी और 103 रनों के अंतर से जीता था.