'ढोंगी, पाखंडी और धूर्त...', बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री पर निकाली भड़ास, बोले- खुद को ही बचा ले बावले
योग गुरु बाबा रामदेव ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर जमकर निशाना साधा है. रामदेव ने कहा कि जो लोग खुद को नहीं बचा सकते, वे हिंदू धर्म को बचाने की बात करते हैं. उन्होंने आगे कहा कि अरे खुद को ही बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का, धूर्त.
झारखंड के जमशेदपुर में 22 नवंबर रविवार को योग गुरु बाबा रामदेव ने बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने मंच से शास्त्री को बावला, ढोंगी, पाखंडी और धूर्त तक कह डाला. रामदेव ने कहा कि जो लोग खुद को नहीं बचा सकते, वे हिंदू धर्म को बचाने की बात करते हैं. इसी मंच से बाबा रामदेव ने बिना नाम लिए पहले इशारों में, फिर खुलकर धीरेंद्र शास्त्री पर हमला बोला और उन्हें पाखंडी बताया.
'अरे खुद को ही बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का, धूर्त'
यह पूरा मामला झारखंड के जमशेदपुर का है. रविवार को यहां महिला पतंजलि योग समिति की ओर से प्रांतीय महासम्मेलन का आयोजन किया गया था. बाबा रामदेव ने कहा कि कुछ लोग न वेद पढ़े हैं, न दर्शन-उपनिषद पढ़े हैं. न कुरान पढ़े हैं, न रामायण, न महाभारत. न संविधान जानते हैं, न लोकतंत्र जानते हैं. और खड़े होकर बकवास करते रहते हैं. कहते हैं हम सनातनी हैं, हम हिंदू धर्म को बचाएंगे. अरे खुद को ही बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का, धूर्त.
'हर चीज के लिए मर्यादा, अनुशासन और प्रोटोकॉल होता है'
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने देवी-देवताओं की तुलना की थी. राम महान हैं, कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े हैं और बाद में माफी मांगकर बांके बिहारी के सामने सिर झुकाया. बाद में उन्होंने क्या कहा? कृष्ण तो टेढ़े ही हैं. तुम पागल हो गए हो. दोगले... बाबा रामदेव ने आगे कहा कि मैं यह जान-बूझकर कह रहा हूं, ऐसी बातें मत करो. समाज में किसी को भी छोटी-मोटी बातें कहने का हक नहीं है. हर चीज के लिए मर्यादा, अनुशासन और प्रोटोकॉल होता है.
बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
बता दें कि बाबा रामदेव की यह बात बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद आई है. वायरल वीडियो में धीरेंद्र शास्त्री को यह कहते हुए सुना गया कि हमारे भगवान भी बिल्कुल सीधे खड़े होते हैं. मंदिर में भी, वह सीधे खड़े होते हैं, और सीधे हैं. आपके भगवान का एक नाम टेढ़ा है. वह टेढ़े-मेढ़े चलते भी हैं और टेढ़े-मेढ़े खड़े भी होते हैं. इसके बाद बागेश्वर बाबा धीरेंद्र शास्त्री की राजनीतिक और धार्मिक हलकों में कड़ी आलोचना हुई थी.
यह भी पढ़ें: झारखंड में पशुधन योजना में खेल? उच्च नस्ल के नाम पर बांट दी देशी गाय, 33 के वितरण पर सवाल