SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

लातेहार में बाइक सवार 3 युवकों की मौत, खूंटी में सीधी टक्कर में 1 की गई जान, एक क्लिक कीजिए और पढ़िए झारखंड को हिला देने वाली 2 खबरें

झारखंड के दो जिलों में सड़क हादसे की वजह से 4 लोगों की मौत हो गई. जबकि, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है. लातेहार में बाइक सवार 3 युवकों की मौत हो गई. वहीं, खूंटी में दो बाइक की सीधी टक्कर में 1 की मौत हो गई और घायल हो गया.

Edited By Shailendra
Published: Nov 12, 2026, 08:53 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 09:10 PM IST
Image Credit: लातेहार में बाइक सवार 3 युवकों की मौत, खूंटी में सीधी टक्कर में 1 की मौत (Photo-वीडियो ग्रैब)
Join

लातेहार के मनिका थाना क्षेत्र के नामुदाग पंचायत अंतर्गत हूरहुरी में गुरुवार की शाम करीब पांच बजे भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से हुआ. जानकारी के अनुसार, बाइक (नंबर JH 19 E 4031) पर कुल तीन युवक सवार थे. तीनों बकोरिया से निजी कार्य पूरा कर अपने घर नामुदाग लौट रहे थे. इसी दौरान हूरहुरी के पास अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में रमेश नायक (32), पिता जगदीश नायक, हीरामन नायक (36), पिता सूर्यदेव नायक और पंकज नायक (23), पिता शिबू नायक की मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही मनिका थाना प्रभारी विक्रांत कुमार उपाध्याय अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली. हादसे के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. आक्रोशित परिजनों ने लातेहार-पलामू मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया.

थाना प्रभारी विक्रांत कुमार उपाध्याय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे. पुलिस परिजनों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर स्थिति को संभालने में जुटी रही. हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है.

खूंटी दो मोटरसाइकिलों की सीधी टक्कर से युवक की मौत

खूंटी जिले के चलागी और हुटार के बीच बुधवार की देर रात दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना में बिरडीह गांव निवासी जादव लोहरा की मौत हो गई. घटना कनाडीह गांव के पास की है. दुर्घटना के बाद दूसरा मोटरसाइकिल सवार अपनी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया. वहीं, घायल युवक जादव लोहरा को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद 108 एंबुलेंस सेवा समय पर नहीं पहुंची. इसके बाद खूंटी थाना प्रभारी को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. तभी काफी देर बाद एंबुलेंस की व्यवस्था कर घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

यह घटना बुधवार की देर रात की है. मोटरसाइकिलों की टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे. वहां जादव लोहरा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले, जबकि दूसरा बाइक सवार अपनी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो चुका था. घायल की पहचान उसके पास मिले कागजात के आधार पर की गई. ग्रामीणों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को फोन किया, लेकिन काफी देर तक एंबुलेंस नहीं पहुंची. इसके बाद स्थानीय ग्रामीण सुमन सोनी ने पत्रकार को घटना की जानकारी दी.

कॉन्फ्रेंस कॉल पर खूंटी थाना प्रभारी बाबू बंशी साव को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. बाद में एंबुलेंस से उसे सदर अस्पताल, खूंटी ले जाया गया. फिलहाल, पुलिस दुर्घटना के कारणों और फरार मोटरसाइकिल सवार की पहचान करने में जुटी है. विकास सोनी ने बताया कि दो बाइकों की टक्कर से एक व्यक्ति घायल हो गया, जिसे ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलाई गई, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंची और उस व्यक्ति की मौत हो गई.

लातेहार से संजीव कुमार गिरी और खूंटी से ब्रजेश कुमार की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें: 'स्टीयरिंग नहीं घुमाएंगे...', जीटी रोड पर हल्ला बोल, गिरिडीह में ड्राइवरों ने रोका चक्का

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES