)
आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने 7 अक्टूबर, 2026 दिन बुधवार को बोकारो में EVM को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि अगर EVM पर सवाल उठ रहे हैं और सबूत प्रस्तुत किए जा रहे हैं, तो इससे जुड़े संवैधानिक संस्थानों को इसका जवाब देना चाहिए, नहीं तो देश इस पर विचार कर सकता है. उन्होंने कहा कि देश किसी एक पार्टी से नहीं चलता है.
सुदेश महतो ने कहा कि आज EVM और बैलेट पेपर को लेकर बहस छिड़ी है और इंडी गठबंधन EVM पर सवाल उठा रहा है. उन्होंने कहा कि जब हम नए युग में प्रवेश किए तो चुनाव EVM से होने लगे और कई देशों ने हमारे इस मॉडल को अपनाया, लेकिन आज जब बहस छिड़ी हुई है तो इसको लेकर जवाबदेही रखने वाले संस्थानों को इसका जवाब देना चाहि. उन्होंने कहा कि हम सुधार के पक्ष में हैं. उन्होंने आगे कहा कि देश किसी एक पार्टी से नहीं चलता है. उन्होंने ये बातें बोकारो के बारी कोऑपरेटिव में आजसू के मिलन समारोह में मीडिया से बात करते हुए कहीं.
दरअसल, बोकारो में आजसू के मिलन समारोह में पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो शरीक हुए. उन्होंने कहा कि पार्टी में बड़ी संख्या में युवा जुट रहे हैं, ऐसे में जनाधार भी लगातार बढ़ रहा है. वहीं, विपक्ष यानी इंडी गठबंधन द्वारा SIR और चुनाव प्रक्रिया को लेकर लगातार किए जा रहे आंदोलन पर उन्होंने कहा कि अगर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं, तो इसका जवाब इन संस्थानों को संभालने वालों को देना चाहिए.
वहीं, झारखंड में JPSC और CGL परीक्षा को लेकर चल रही CID जांच पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि लोग CID जांच पर भरोसा कैसे करें? क्योंकि इससे पहले की गई जांच में CID को कुछ नहीं मिला था और आज जब फिर से CID के द्वारा जांच की जा रही है, तो सारी चीजें सामने आ रही हैं और गिरफ्तारियां भी हो रही हैं. ऐसे में अगर निष्पक्षता की बात की जाए तो वह बिना CBI जांच के नहीं हो सकती. इसलिए पूरे JPSC और CGL मामले की जांच CBI से होनी चाहिए.
बता दें कि आजसू का मिलन समारोह कार्यक्रम बारी कोऑपरेटिव कॉलोनी में आयोजित किया जा रहा था, जहां पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो समेत गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो और अन्य नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे. इस दौरान कई युवाओं ने आजसू पार्टी का दामन थामा और सदस्यता ली, जिन्हें गोमिया के पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो ने फूल-माला पहनाकर पार्टी में शामिल कराया.
रिपोर्ट: मृत्युंजय मिश्रा