बरसात में खतरनाक हो सकते हैं चूहे! रांची में 'रैट फीवर' के 130 से ज्यादा मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
झारखंड की राजधानी रांची में पिछले एक महीने में रैट फीवर के 130 से ज्यादा मरीज सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है. इसे देखते हुए झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सभी अस्पतालों को अलर्ट किया है.
झारखंड की राजधानी रांची में 'रैट फीवर' यानी लेप्टोस्पायरोसिस (Leptospirosis) का कहर तेजी से बढ़ रहा है. बीते दो महीने में ही 130 से ज्यादा मरीज सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता भी बढ़ गई है. डॉक्टरों के मुताबिक, यह बीमारी चूहों से होती है. चूहों के मूत्र और दूषित पानी के संपर्क से फैलने वाली यह बीमारी बुखार से शुरू होकर गंभीर स्थिति भी पैदा कर सकती है. सही वक्त पर अगर बीमारी डिटेक्ट नहीं हुई तो यह जानलेवा भी बन सकती है. डॉक्टरों के अनुसार, बरसात के मौसम में जरा सी लापरवाही आपके परिवार पर भारी पड़ सकती है.
डॉक्टरों के अनुसार, रांची में फैल रही यह बीमारी छोटे बच्चों के लिए जानलेवा भी साबित हो सकती है. पिछले 1 महीने में रांची के एक निजी अस्पताल में आए रैट फीवर के आंकड़े ने सब को चौंका दिया है. रांची के रानी चिल्ड्रेन अस्पताल में पिछले 1 महीने में आए 130 रैट फीवर के मामले ने सब को सोचने को मजबूर कर दिया है कि आखिर ये बीमारी इतनी तेजी से कैसे फैल रही है. रानी चिल्ड्रन हॉस्पिटल की डायरेक्टर डॉक्टर सोनी सिंहा ने कहा कि ये एक ऐसी बीमारी है, जो चूहे के माध्यम से फैलती है. चूहे के संपर्क में आने के बाद फलों और पानी में लेप्टोस्पायरोसिस के बैक्टीरिया आते हैं और फिर इसके सेवन से यह बीमारी बढ़ती है.
डॉक्टर सोनी सिंहा ने बताया कि पिछले 1 महीने में 130 मरीज उनके अस्पताल तक पहुंच चुके हैं. रांची सदर हॉस्पिटल के उपाधीक्षक डॉ. विमलेश कुमार ने कहा कि ये बीमारी लेप्टोसिरा नाम के बैक्टीरिया से फैलती है. उन्होंने कहा कि इस बीमारी से ग्रसित लोगों में बुखार, सर दर्द सहित कई लक्षण देखेंने को मिलते हैं. बीमारी अधिक बढ़ने से ज्वाइंडिस जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं.
इस पूरे मामले पर स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट है. झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि चूहे का प्रकोप बढ़ गया है. स्टेशन, बस स्टैंड, घरों के आसपास, शहरों में हर जगह पर चूहा देखने को मिल जाएगा. उन्होंने कहा कि रैट फीवर की कई शिकायतें मिली हैं. जिस तरह से चूहा काटने से बीमारी हो रही है, इसको लेकर हमने हॉस्पिटल को अलर्ट किया है. उन्होंने कहा कि इसके लिए ज्यादा पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है. सभी हॉस्पिटल को अलर्ट किया है. सीएस को भी निर्देश दिया गया है. घबराने की बात नहीं है.