)
Ranchi Smart Road: झारखंड का पहला 10 लेन स्मार्ट रोड रांची के धुर्वा स्थित पुराने विधानसभा भवन से नए सराय तक बनाया जाएगा. करीब 177 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना की कुल लंबाई 6.089 किलोमीटर होगी. सड़क का मुख्य मार्ग 6 लेन का होगा. इसके साथ साइकिल ट्रैक और सर्विस लेन भी बनाई जाएगी. सड़क के किनारे पौधरोपण के साथ लोगों के बैठने के लिए जगह-जगह सुविधाएं विकसित की जाएंगी. स्मार्ट रोड का निर्माण नए विधानसभा भवन और हाईकोर्ट होते हुए नए सराय तक किया जाना है.
परियोजना को लेकर सियासी बयानबाजी भी शुरू हो गई है. झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा कि 'हेमंत है तो हिम्मत है'. उन्होंने कहा कि विकास की इतनी लंबी लकीर खींची जाएगी, जिसकी कल्पना विपक्ष नहीं कर सकता. पिछले छह वर्षों में विकास के कई काम हुए हैं और स्मार्ट रोड इसका उदाहरण हैउन्होंने कहा कि सड़क पर फुटपाथ, सर्विस रोड और साइकिल ट्रैक अलग-अलग होंगे. पूरी परियोजना को इको-ग्रीन सिस्टम के तहत विकसित किया जाएगा.
मनोज पांडेय ने कहा कि रांची में कई फ्लाईओवर बन चुके हैं और कई परियोजनाएं पाइपलाइन में हैं. अगले दो-तीन वर्षों में कई योजनाएं धरातल पर उतरेंगी. इसके बाद रांची बड़े महानगरों का मुकाबला करने की स्थिति में होगा. उन्होंने कहा कि सरकार रांची को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर कनेक्टिविटी से लैस करने की दिशा में काम कर रही है.
वहीं, बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता दीनदयाल वर्णवाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड सरकार कागजी घोषणाओं में माहिर है, लेकिन धरातल पर काम नजर नहीं आता. उन्होंने कहा कि हाल ही में राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए करीब एक हजार करोड़ रुपये की राशि वापस हो गई, क्योंकि राज्य सरकार की ओर से न तो पर्याप्त प्रशासनिक तैयारी की गई और न ही काम को लेकर गंभीरता दिखाई गई. उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार के लिए घोषणा करना आसान है, लेकिन योजनाओं को जमीन पर उतारना मुश्किल है. जनता भी अब सरकार की घोषणाओं की हकीकत समझ चुकी है.
रिपोर्ट: कुमार चंदन