)
गढ़वा जिला के नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के ठरका गांव स्थित सुंरगही बांध के समीप संचालित कथित बड़े जुआ अड्डे पर पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 8 जुआरियों को गिरफ्तार किया है. मौके से 10 लाख 49 हजार 500 रुपये नकद बरामद होने के बाद पुलिस पूरे जुआ नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुट गई है.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने नकदी के अलावा चार मोटरसाइकिल, चार चारपहिया वाहन, आठ मोबाइल फोन, एक काले रंग का बैग, एक दरी और 155 पत्ता ताश भी जब्त किया है. पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित अवैध जुआ अड्डों के संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है.
गुप्त सूचना पर गठित हुई क्यूआरटी टीम
मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक गढ़वा को 7 सितंबर को गुप्त सूचना मिली थी कि नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र में दूसरे राज्यों से लोगों को बुलाकर बड़े पैमाने पर जुआ खेलाया जा रहा है.
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुख्यालय गढ़वा के नेतृत्व में क्यूआरटी टीम का गठन किया गया. इसके बाद नगर ऊंटारी थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने सुंरगही बांध के समीप बताए गए जुआ स्थल की घेराबंदी कर छापेमारी की.
पुलिस को देखते ही मची अफरा-तफरी
पुलिस के अचानक पहुंचते ही जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, पहले से की गई घेराबंदी के कारण पुलिस ने मौके से आठ लोगों को पकड़ लिया. तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी समेत जुआ खेलने से संबंधित सामान बरामद किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में सुंदर साह, प्रदीप कुमार विश्वकर्मा, सम्भेर खान, बाबूजी साह और पुष्पेंद्र वैश्य, सभी जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश), जबकि दिलीप कुमार और रामनेश जरिया, जिला हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) तथा अखिलेश उपाध्याय, ओबरा, जिला सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं.
रिपोर्ट: आशीष प्रकाश राजा