SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

रांची में ढही पुरानी पानी की टंकी: एक मजदूर का शव बरामद, कई लोगों के दबे होने की आशंका

रांची में पानी की पुरानी टंकी ढहने से एक मजदूर की मौत हो गई, उसका शव बरामद कर लिया गया है. वहीं, मलबे में कई अन्य के दबने की आशंका जताई जा रही है.

Edited By Shailendra
Published: Sep 09, 2026, 10:26 PM IST | Updated: Sep 09, 2026, 10:34 PM IST
Image Credit: रांची में पानी की पुरानी टंकी ढही, एक मजदूर का शव बरामद (Photo-IANS)
Join

झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार शाम पुरानी पानी की टंकी ढहने से मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है. हादसे के बाद एक मजदूर का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है. टंकी के आसपास निर्माण कार्य चल रहा था.

घटना शहर के कोतवाली थाना के ठीक पीछे रेडियम रोड इलाके के पास हुई. जर्जर हालत में खड़ी पानी की टंकी अचानक भरभराकर गिर गई. उस समय आसपास निर्माण कार्य में मजदूर लगे हुए थे. टंकी गिरने से निर्माण स्थल पर काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए. घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की पुलिस मौके पर पहुंची.

पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की
पुलिस और राहत दल ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया. मलबे को हटाने के लिए जेसीबी मशीन लगाई गई है. बचावकर्मी मलबे में दबे दूसरे मजदूर तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की है, ताकि राहत कार्य में बाधा न आए.

अधिकारियों की निगरानी में मलबा हटाने का काम जारी
हादसे के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. मौके पर मौजूद अधिकारियों की निगरानी में मलबा हटाने का काम जारी है. रांची के विधायक सीपी सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली. बताया जा रहा है कि पानी की टंकी काफी पुरानी और जर्जर अवस्था में थी. हालांकि, उसके गिरने की वास्तविक वजह और निर्माण कार्य से इसका कोई प्रत्यक्ष संबंध था या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

भवन का हिस्सा गिरने से हो गई थी एक मिस्त्री की मौत
घटना ने राजधानी में पुरानी और जर्जर संरचनाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. इससे पहले कुछ दिन पूर्व लालपुर थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन का हिस्सा गिरने से एक मिस्त्री की मौत हो गई थी. फिलहाल, पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है. राहत अभियान पूरा होने के बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES