'भाभी डायन है...मेरे बेटे की मौत की जिम्मेदार', गिरिडीह में देवर ने कुल्हाड़ी से कर दी हत्या
छठ महापर्व के बीच अंधविश्वास का खौफनाक मंजर सामने आया. झारखंड के गिरिडीह में डायन बताकर बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि महिला के देवर ने अपने बेटे की मौत का जिम्मेदार अपनी भाभी को मानते हुए हत्या कर दी.
गिरिडीह में एक ओर जहां पूरा जिला छठ महापर्व की आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना में डूबा हुआ है. वहीं, दूसरी तरफ जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पुरनानगर गांव में उसी पर्व के बीच अंधविश्वास ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली. डायन-भूत के आरोप में दुलारी देवी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी गई.
मोतीलाल मुर्मू के बेटे की शुक्रवार की रात रिम्स में मौत हो गई
बताया जा रहा है कि आरोपी मोतीलाल मुर्मू के बेटे की शुक्रवार की रात रिम्स में मौत हो गई थी. वह लम्बे समय से बीमार था. छठ के नहाय-खाय के दिन ही घर में मातम छा गया.
गांव के लोग व्रत और पूजा की तैयारी में लगे थे, तभी मोतीलाल ने भाभी की हत्या कर दी
आरोप है कि बेटे की मौत से गुस्साए और अंधविश्वास में डूबे मोतीलाल ने अपनी ही भाभी दुलारी देवी को डायन बताकर मौत का जिम्मेदार ठहरा दिया. इसके बाद शनिवार की सुबह छठ के खरना के दिन, जब गांव के लोग व्रत और पूजा की तैयारी में लगे थे, तभी मोतीलाल ने अपने परिवार के आठ सदस्यों के साथ मिलकर बुजुर्ग महिला को घर से निकालकर बूढ़ा-बूढ़ी थान ले जाकर सिर पर कई बार कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी.
पवित्र पर्व पर हुई इस वारदात से पूरा गांव स्तब्ध
छठ जैसे पवित्र पर्व पर हुई इस वारदात से पूरा गांव स्तब्ध है. लोग कह रहे हैं कि जिस पर्व में महिलाएं संतान की लंबी उम्र और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखती हैं, उसी पर्व पर अंधविश्वास ने एक मां समान भाभी की बलि ले ली.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना के बाद सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
यहां ध्यान दीजिएगा कि महिलाओं को डायन बताकर झारखंड के कई जगहों से हत्या का मामला पहले भी सामने आते रहे हैं. हालांकि, पुलिस ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने में लगी हुई है.
रिपोर्ट: मृणाल सिन्हा
यह भी पढ़ें: केबिन खोला...अंदर घुसे और ताबड़तोड़ करने लगे फायरिंग, खूंटी में दहला देने वाली वारदात