App

'मेटा बीजेपी का बेटा', 'मार्क बीजेपी बर्ग'... धनबाद में मार्क जुकरबर्ग को पहनाई RSS की ड्रेस! गरमाई सियासत

धनबाद में यूथ कांग्रेस ने मार्क जुकरबर्ग के खिलाफ पोस्टर लगाकर उन्हें 'मार्क बीजेपी बर्ग' बताया. पोस्टर पर 'मेटा बीजेपी का बेटा' भी लिखा है. उदय भानु चिब का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने पर कांग्रेस ने मेटा पर राजनीतिक भेदभाव का आरोप लगाया है.

'मेटा बीजेपी का बेटा', 'मार्क बीजेपी बर्ग'... धनबाद में मार्क जुकरबर्ग को पहनाई RSS की ड्रेस! गरमाई सियासत
Image Credit: Dhanbad Youth Congress Protest

Dhanbad Youth Congress Protest: झारखंड के धनबाद में सोशल मीडिया को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सड़कों तक पहुंच गया है. यहां झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस ने मेटा और उसके संस्थापक मार्क जुकरबर्ग के खिलाफ पोस्टर लगाकर विरोध जताया है. शहर के रणधीर वर्मा चौक के पास लगाए गए पोस्टर में मार्क जुकरबर्ग को आरएसएस की ड्रेस में दिखाया गया है. पोस्टर पर बड़े अक्षरों में 'मार्क बीजेपी बर्ग' और 'मेटा बीजेपी का बेटा' लिखा गया है. यूथ कांग्रेस का आरोप है कि मेटा बीजेपी के पक्ष में काम कर रहा है. यह पूरा विवाद इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड किए जाने के बाद शुरू हुआ है.

RSS की ड्रेस में दिखाए गए मार्क जुकरबर्ग

धनबाद के रणधीर वर्मा चौक के पास यूथ कांग्रेस की ओर से लगाया गया पोस्टर चर्चा का विषय बन गया है. इसमें मार्क जुकरबर्ग की तस्वीर को आरएसएस की शाखा से जुड़े सदस्यों की तरह पहनी जाने वाली ड्रेस में दिखाया गया है. पोस्टर पर 'मार्क बीजेपी बर्ग' और 'मेटा बीजेपी का बेटा' जैसे नारे लिखे गए हैं. इन नारों के जरिए यूथ कांग्रेस ने मेटा पर राजनीतिक भेदभाव करने और बीजेपी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया है.

उदय भानु चिब का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने पर विवाद
दरअसल, इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब का इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड किए जाने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी है. यूथ कांग्रेस का कहना है कि अकाउंट सस्पेंड किया जाना अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला है. इसी के विरोध में धनबाद में पोस्टर लगाकर मेटा के खिलाफ नाराजगी जताई गई है.

'भारत BJP की डिजिटल कॉलोनी नहीं'- कुमार गौरव
इस मामले में झारखंड प्रदेश यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव ने एक वीडियो जारी कर मेटा की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. कुमार गौरव ने कहा कि आखिर आजाद भारत में क्या अपनी बात रखने का भी अधिकार नहीं है? लोकतंत्र में हर किसी को विरोध करने और अपनी बात कहने का अधिकार है. उन्होंने कहा कि यूथ कांग्रेस गांधीजी को मानने वाली है, लेकिन सुभाष चंद्र बोस के विचारों का भी सम्मान करती है. कुमार गौरव ने मेटा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब मेटा, मेटा नहीं बल्कि बीजेपी का बेटा हो गया है. उन्होंने कहा कि भारत बीजेपी की कोई डिजिटल कॉलोनी नहीं है, बल्कि संविधान से चलने वाला देश है.

पोस्टरबाजी से गरमाई धनबाद की सियासत

रणधीर वर्मा चौक पर लगे पोस्टर के बाद धनबाद में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं. यूथ कांग्रेस ने पोस्टर के जरिए मेटा पर बीजेपी के पक्ष में काम करने का आरोप लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया है. फिलहाल इस पूरे विवाद में बीजेपी की प्रतिक्रिया का इंतजार है. वहीं, मेटा पर लगाए गए राजनीतिक भेदभाव के आरोप यूथ कांग्रेस के हैं. उपलब्ध जानकारी में इन आरोपों पर मेटा का पक्ष सामने नहीं आया है.

Reporter- NITESH KR. MISHRA

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More