App

फादर बैनेदिक बारला पर जानलेवा हमला, विरोध में रहा बंद खूंटी, दिनभर ठप रहा शहर

खूंटी में फादर बैनेदिक बारला पर बुधवार को जानलेवा हमले की घटना घटी. इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. फादर बैनेदिक बारला का इलाज अस्पताल में चल रहा है. वहीं, इस घटना के विरोध में ईसाई समुदाय के लोगों ने खूंटी शहर को बंद कर दिया, जिसकी वह से यातायात पूरी तरह से ठप हो गई. फिर उपायुक्त और एसपी के आश्वासन के बाद जाम खुला.

फादर बैनेदिक बारला पर जानलेवा हमला, विरोध में रहा बंद खूंटी, दिनभर ठप रहा शहर
Image Credit: फादर बैनेदिक बारला पर जानलेवा हमले के खिलाफ खूंटी बंद (Z News)

झारखंड के खूंटी जिले के रोमन कैथोलिक ईसाई समुदाय के फादर और स्कूल शिक्षक फादर बैनेदिक बारला पर जानलेवा हमला हुआ. इसके विरोध में 21 अक्टूबर, 2026 दिन बुधवार को जिला दिनभर बंद रहा. ईसाई समुदाय के लोगों के आह्वान पर खूंटी बंद के दौरान भगत सिंह चौक पर महिलाओं और पुरुषों ने जाम लगाकर सड़क पर बैठकर नारेबाजी की. देखते ही देखते पूरा खूंटी बंद हो गया. हाथों में स्लोगन की पट्टियां लिए लोगों ने जमकर नारेबाजी की, जिसमें ईसाई मिशनरियों पर हमला बंद करो, पुलिस प्रशासन हाय-हाय, खूंटी सांसद मुर्दाबाद, खूंटी विधायक हाय-हाय, अपराधी को गिरफ्तार करो जैसे नारे लगाए गए. इस दौरान लोगों ने न्याय की मांग की.

वहीं, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी प्रकार की समस्या न हो, इसलिए पुलिस फोर्स भी तैनात रही. खूंटी की सड़क अचानक जाम होने से लोगों के आवागमन में काफी समस्या हुई और लोगों को पैदल अपने गंतव्य तक जाना पड़ा. दिनभर लोग परेशान रहे, यहां तक कि अनेक जरूरतमंद लोग अपने कार्यस्थल तक नहीं पहुंच पाए. हालांकि, एम्बुलेंस को छोड़ दिया जा रहा था, ताकि मरीज अस्पताल तक पहुच सकें.

इसके बाद उपायुक्त जावेद हुसैन और एसपी ऋषभ गर्ग खुद धरनास्थल भगत सिंह चौक पर पहुंचे. साथ ही लोगों से बातचीत की और ज्ञापन लिया. उन्होंने दोषियों को जल्द पकड़कर गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया और जाम मुक्त कराया.

फादर बैनेदिक बारला पर जानलेवा हमला, हालात गंभीर

दरअसल, खूंटी शहर के भगत सिंह चौक के निकट स्थित रोमन कैथोलिक मध्य विद्यालय में फादर बैनेदिक बारला पर जानलेवा हमला किया गया है. 21 अक्टूबर, 2026 दिन बुधवार को फादर बैनेदिक बारला विद्यालय के अंदर बेहोशी की हालत में पड़े मिले. बुधवार सुबह 8 बजे के करीब जब लोगों को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने देखा कि वे खून से लथपथ और बेहोश पड़े हैं. उन्हें तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से रांची के पर्ल्स अस्पताल रेफर कर दिया गया है.

वहीं, पुलिस को इसकी सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंच गई है. घटना तड़के सुबह होने की बात बताई जा रही है. उन्हें धारदार हथियार से वार करने और गोली मारने की बात कही जा रही है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. घायल फादर को राँची के पर्ल्स अस्पताल ले जाया गया है.

एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि फादर बेनेडिक्ट बरला नाम के शिक्षक पर अपराधियों द्वारा हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया है, जिन्हें गंभीर स्थिति में अस्पताल ले जाया गया है. घटना कैसे घटी, इसका अनुसंधान किया जा रहा है. सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं और फॉरेंसिक टीम भी आकर आगे की जांच करेगी. सभी पहलुओं से अनुसंधान शुरू कर दिया गया है और जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा.

फादर अनिल ने बताया कि फादर बैनेदिक बारला पर हमला करके उन्हें घायल कर दिया गया है, वे खून से लथपथ थे. गंभीर स्थिति में उन्हें अस्पताल ले जाया गया है. फादर इसी विद्यालय के अंदर ही रहते थे, लेकिन घटना कैसे घटी और किसने इस घटना को अंजाम दिया, इसका पता नहीं चल पा रहा है. फादर को बेहोशी की हालत में पाया गया था.

रिपोर्ट: ब्रजेश कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Shailendra

Shailendra

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More