झारखंड में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है. राज्य के अलग-अलग जिलों में ठंड का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है. मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले दिनों में राज्य भर में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है. बारिश को लेकर फिलहाल किसी भी तरह की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, यानी राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश की कोई संभावना नहीं है. सभी जिलों में मौसम साफ रहेगा और धूप खिलेगी.
बात करें झारखंड में आज (23 अक्टूबर, 2026) के तापमान और ठंड की, तो कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में सुबह और रात के समय ठंड महसूस होने लगी है. मौसम विभाग क अपडेट के अनुसार, लातेहार जिला सबसे ठंडा बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान लगभग 13 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा रहा है.
इसके अलावा लोहरदगा, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में भी रात का पारा 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. वहीं कोडरमा, चतरा और गढ़वा में भी न्यूनतम तापमान 17-18 डिग्री सेल्सियस के आस-पास है, जिससे सुबह के समय सिहरन और ठंडक महसूस की जा रही है.
वहीं, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम और सिमडेगा के जिलों में अभी भी दिन के समय गर्मी और उमस बनी हुई है. पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला और पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे यहां दिन में थोड़ी तेज धूप रह रही है. हालांकि, यहां भी रात के समय मौसम थोड़ी ठंड लग रही है. गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में भी अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज किया जा रहा है.
राजधानी रांची की बात करें, तो यहां का अधिकतम तापमान लगभग 28-29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15-16 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है, जिससे यहां सुबह और शाम के वक्त मौसम बेहद सुहावना और हल्का ठंडा बना हुआ है.