)
बीजेपी की प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. गीता कोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. महिला आरक्षण को लेकर कैबिनेट में प्रस्ताव लाया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिला आरक्षण का विरोध कर रही है और महिलाओं को उनका अधिकार नहीं देना चाहती. उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला विरोधी है, जबकि देश की आधी आबादी प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है.
उन्होंने कहा कि साल 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में महिला आरक्षण की अहम भूमिका होगी. आज महिलाएं धरती से लेकर आसमान तक हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं. ऐसे में सभी राजनीतिक दलों को महिला आरक्षण के समर्थन में एकजुट होना चाहिए.
परिसीमन के मुद्दे पर भी गीता कोड़ा ने कांग्रेस को घेरा. उन्होंने कहा कि परिसीमन से झारखंड में भी सीटों की संख्या बढ़ सकती है. इसके बावजूद कांग्रेस इसका विरोध क्यों कर रही है, उसे जनता को जवाब देना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस न तो महिला आरक्षण के मुद्दे पर स्पष्ट रूप से अपनी बात रख रही है और न ही परिसीमन को लेकर अपना रुख साफ कर रही है.
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू ने इंडिया गठबन्धन के सहयोगी दलों से परिसीमन विधेयक का एकजुट होकर विरोध करने का आह्वान किया है. के राजू ने कहा है कि हमें पूरा विश्वास है झारखंड मुक्ति मोर्चा इसके झारखंड की जनता पर पड़ने वाले गंभीर प्रभाव को देखते हुए सामूहिक प्रयास में शामिल होगा. कांग्रेस प्रभारी ने आगे कहा है कि जेएमएम का इस बिल का विरोध करना सिर्फ गठबन्धन की एकजुटता का विषय नहीं, बल्कि झारखंड के आदिवासी राजनीतिक सशक्तिकरण की रक्षा के अस्तित्व से जुड़ा प्रश्न है. झारखंड में आदिवासी सुरक्षित सीटों को 28 से बढ़ाकर 42 किया जाना आवश्यक है, जबकि 1971 की जनगणना के अनुसार 28 से बढ़कर 34 तक ही सीमित रह जाएगा. कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि हमें विश्वास है झामुमो आदिवासी हितों से समझौता नहीं करेगा.
कांग्रेस प्रभारी के द्वारा परिसीमन पर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों से एकजुट होकर विरोध का आह्वान किया तो वहीं झामुमो विधायक बसंत सोरेन ने कहा कि जो राज्य हित में होगा हम उस चीज को मानेंगे, जो राज्य विरोधी होगा हम उसका विरोध करेंगे. जनमानस से बाहर हम नहीं हैं और उन्हीं की जिम्मेवारी हमारे कंधों पर है और जिसकी वजह से झामुमो को जाना जाता है, जो झारखंड के हित में होगा, यहां के जल जंगल के हित में होगा हम उसका साथ देंगे. अगर यहां के विरोध में होगा तो हम इसका पूर्ण रुप से विरोध करेंगे.