)
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से बनी एक तस्वीर ने पूरे गांव में दहशत फैला दी. कसरावद थाना क्षेत्र के पानवा गांव में सोशल मीडिया पर बब्बर शेर की तस्वीर वायरल हुई तो ग्रामीण डर गए. हालात ऐसे हो गए कि लोग रात में खेतों में सिंचाई करने तक नहीं निकले और अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए. शेर की मौजूदगी की सूचना वन विभाग तक पहुंची तो टीम गांव में जांच करने पहुंची. पड़ताल में पता चला कि इलाके में कोई शेर नहीं आया था, बल्कि यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई थी.
सोशल मीडिया पर शेर की तस्वीर देख दहशत में आए ग्रामीण
जानकारी के मुताबिक, पानवा गांव में किसी ने सोशल मीडिया पर शेर की तस्वीर शेयर की थी. तस्वीर में शेर को इलाके में दिखाया गया था. देखते ही देखते यह तस्वीर वायरल हो गई और ग्रामीणों को लगा कि गांव के आसपास शेर घूम रहा है. इसके बाद लोगों में डर फैल गया. ग्रामीण रात में खेतों में पानी देने के लिए बाहर नहीं निकले. कई लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए. गांव में शेर आने की सूचना वन विभाग को दी गई.
वन विभाग की जांच में खुला AI का खेल
मामले की जानकारी कसरावद SDM अनिल जैन के संज्ञान में आने के बाद वन विभाग हरकत में आया. वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तस्वीर की जांच शुरू की. टीम ने यह पता लगाने की कोशिश की कि सबसे पहले यह तस्वीर किसने सोशल मीडिया पर डाली थी.
जांच के दौरान गांव के ही एक 14 वर्षीय किशोर का पता चला. उससे पूछताछ की गई और मोबाइल में मौजूद शेर की तस्वीर की जांच की गई. इस दौरान सामने आया कि तस्वीर AI की मदद से तैयार की गई थी. किशोर ने भी तस्वीर बनाने और उसे मजाक में पोस्ट करने की बात स्वीकार की.
वन विभाग ने दी सख्त हिदायत
मामले में किशोर के नाबालिग होने के चलते वन विभाग की टीम और ग्रामीणों ने उसे सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया. इस घटना ने सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के किसी भी तस्वीर या वीडियो को साझा करने के खतरे को सामने ला दिया है.
वन विभाग की लोगों से अपील
रेंजर शंकर सिंह चौहान ने लोगों से अपील की है कि वन्य प्राणियों से जुड़ी तस्वीरों और वीडियो पर बिना पुष्टि भरोसा न करें. ऐसी सामग्री को लाइक, कमेंट या दूसरे ग्रुप में फॉरवर्ड करने से बचें. पहले उसकी सच्चाई की जांच करें. पानवा की घटना में भी बिना पुष्टि तस्वीर वायरल होने से पूरे गांव में डर का माहौल बन गया.
राकेश जायसवाल की रिपोर्ट