SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

MMDR से SIR तक, झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में किन मुद्दों पर भिड़ेंगे सत्ता पक्ष और विपक्ष? सियासी तासीर अभी से गरम

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र से पहले भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस-झारखंड मुक्ति मोर्चा के बीच सियासी जंग शुरू हो गई है. बीजेपी ने राज्य सरकार पर घुसपैठिए को बचाने का आरोप लगाया, तो सत्ता पक्ष ने कहा कि सदन में होगी MMDR से SIR पर चर्चा.

Edited By Shailendra
Published: Nov 19, 2026, 11:19 IST | Updated: Nov 19, 2026, 11:36 IST
Image Credit: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र की तैयारी और सियासत (File-Photo)
Join

झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले दो दिवसीय विशेष सत्र को लेकर एक तरफ जहां तैयारियां तेज हैं. वहीं, राजनीतिक बयानबाजी भी जारी है. सत्ता पक्ष ने MMDR और SIR के बहाने केंद्र सरकार और बीजेपी पर निशाना साधा है. वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने MMDR एक्ट को लेकर बीजेपी से विधानसभा में अपना पक्ष स्पष्ट करने की चुनौती दी है, तो मंत्री हफीजुल हसन ने खनिज संपदा और रॉयल्टी के मुद्दे पर केंद्र को घेरा. वहीं, भारतीय जनता पार्टी विशेष सत्र पर सत्ता पक्ष पर हमलावर है.

झारखंड सरकार ने खान और खनिज संशोधन अधिनियम और SIR के मुद्दों पर चर्चा के लिए विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र 25 और 26 नवंबर को आहूत किया है. झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने इस सत्र के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि बीजेपी कहती है कि MMDR एक्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने लाया है. वह झारखंड के लिए उपयुक्त है. ऐसे में अब विधानसभा सत्र में सुनेंगे कि बीजेपी का क्या लॉजिक है कि झारखंड के लिए MMDR एक्ट सही है. इस सत्र में पक्ष-विपक्ष जो बातें रखेगा, वह झारखंड की जनता देखेगी और सुनेगी. इसको देखकर 2029 में जनता निर्णय भी लेगी.

झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने विशेष सत्र को लेकर कहा कि यह बहुत जरूरी था, क्योंकि जिस तरीके से पूरे फेडरल स्ट्रक्चर को केंद्र ने नकारने का काम किया. मिनरल्स के लिए हम विस्थापित होते हैं, उसका कंपनसेशन हमें चाहिए, लेकिन केंद्र तैयार नहीं. यह जो कानून है, वह नाजायज है, जिसे हम कभी भी स्वीकार नहीं करेंगे. उन्होंने कहा कि जो संवैधानिक ढांचा है, उसके तहत विधानसभा यह प्रस्ताव पारित करेगा कि यह असंवैधानिक है और राष्ट्रपति के पास भी हम गुहार लगाएंगे. हम जो आवाज उठा रहे हैं, वह ओडिशा में भी बीजेडी उठा रही है. छत्तीसगढ़ नहीं उठाएगा. बंगाल में उनकी ही सरकार है, लेकिन ममता दीदी इसके खिलाफ हैं.

झारखंड सरकार की ओर से बुलाए गए विशेष सत्र को लेकर भारतीय जनता पार्टी राज्य सरकार पर आक्रामक है. बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने कहा कि विधानसभा के सत्र बिल्कुल नजदीक आ रहे हैं और विशेष सत्र सिर्फ इसके लिए बुलाया गया है, ताकि जो कोयला चोरी हो रही है, उसे संरक्षण दिया जा सके. भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार पर एक और आरोप लगाया है कि बांग्लादेशी घुसपैठियों को राज्य सरकार संरक्षण देना चाहती है. इसीलिए इन दोनों विषयों पर विशेष सत्र बुलाया गया है. उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि विधानसभा में जो मुद्दे तय होंगे, वे नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अध्यक्षता में बैठक के बाद तय होंगे. लेकिन इन सबके अलावा कई मुद्दे हैं, जिन्हें बीजेपी उठा सकती है.

रिपोर्ट: धीरज ठाकुर

यह भी पढ़ें: झारखंड में 'एक और अवसर' कैंप आज, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का आखिरी मौका, सियासत भी तेज

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES