SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जमशेदपुर में बैंक डकैती के बाद फिर बड़ी वारदातः बिंदल मॉल में फायरिंग से मची अफरा-तफरी, 3 को लगी गोली

बिंदल मॉल के पास स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें तीन लोगों को गोली लगी है. उधर, बैंक डकैती की उच्चस्तरीय जांच तेज हो गई है. बैंक डकैती के कुछ ही घंटे बाद उसी रात गोलमुरी बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया.

Written By K. Raj Mishra
Published: Sep 26, 2026, 02:43 PM IST | Updated: Sep 26, 2026, 03:15 PM IST
Image Credit: जमशेदपुर पुलिस (File Photo: X- @Jsr_police)
Join

जमशेदपुर में दिनदहाड़े बैंक डकैती के बाद अब एक और बड़ी वारदात सामने आई है. शहर के सोनारी थाना क्षेत्र में आज (शनिवार, 26 सितंबर) को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास अचानक गोलियां चलने लगीं. बताया जा रहा है कि मॉल के पास स्थित उडुपी रेस्टोरेंट में खाना पहुंचे कुछ लोगों पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया. इस दौरान बदमाशों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें तीन लोगों को गोली लगी है. अचानक हुई फायरिंग से मॉल और आसपास के इलाके में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे. वहीं, घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) पहुंचाया गया. अस्पताल में उनका इलाज जारी है.

CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मॉल परिसर और आसपास के इलाके में भी छानबीन की. घटना किस परिस्थिति में और किन कारणों से हुई, इसका तत्काल पता नहीं चल पाया है. पुलिस हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है. हमलावरों को पकड़ने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है.

बैंक डकैती की उच्चस्तरीय जांच शुरू

उधर, जमशेदपुर गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई डकैती की जांच अब उच्चस्तरीय हो गई है, जिसको लेकर जोनल आईजी मनोज कौशिक और कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा जमशेदपुर पहुंचे. दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बैंक और आसपास के इलाके की भौगोलिक स्थिति, अपराधियों के संभावित प्रवेश और भागने के रास्तों सहित अब तक की जांच की जानकारी ली. इस दौरान जमशेदपुर एसएसपी, ग्रामीण एसपी सहित जिले के अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने बैंक परिसर के साथ आसपास के मार्गों और सीसीटीवी कवरेज की जानकारी भी ली. जोनल आईजी ने डकैती कांड के उद्भेदन के लिए 20 सदस्यीय SIT का गठन किया है.

पुलिस खोज रही इन सवालों के जवाब

SIT को अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी, लूटी गई संपत्ति की बरामदगी और वारदात की पूरी साजिश का पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई है. जांच में बैंक एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज के साथ अपराधियों के संभावित रूट और तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है. पुलिस के सामने अहम सवाल यह भी है कि अपराधियों को बैंक की आंतरिक व्यवस्था और सोना- नकदी रखे जाने वाले स्थान की जानकारी पहले से थी या उन्होंने बैंक में प्रवेश करने के बाद कर्मचारियों से इसकी जानकारी हासिल की. इसके अलावा वारदात से पहले रेकी किए जाने की संभावना, बैंक की सुरक्षा एवं अलार्म व्यवस्था और घटना के बाद अपराधियों के भागने के पूरे रूट की भी जांच महत्वपूर्ण होगी.

सभी पांचों अपराधियों पर इनाम घोषित

एसएसपी डॉ एहतेशाम वकारिब ने बताया कि सिटी एसपी के नेतृत्व में एसआईटी गठित किया गया है. कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं. जल्द ही पुलिस अपराधियों के स्केच जारी करेगी. उन्होंने साफ कर दिया है कि पांच की संख्या में अपराधियों ने 42 लख रुपए नगद और करीब 23 किलो सोने की लूट की है. सभी पांचो अपराधियों पर इनाम की भी घोषणा की गई है.

बैंक डकैती के बाद ज्वेलरी दुकान में चोरी

कैनरा बैंक डकैती के कुछ ही घंटे बाद उसी रात गोलमुरी बाजार स्थित एक ज्वेलरी दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया. चोर दुकान का वेंटिलेटर काटकर अंदर दाखिल हुए और लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए. बाजार में इससे पहले भी चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं. लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से गोलमुरी बाजार के व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है. व्यापारियों का कहना है कि जब शहर के व्यस्त बाजार में दिनदहाड़े करोड़ों रुपये की बैंक डकैती हो सकती है और उसके कुछ ही घंटे बाद ज्वेलरी दुकान में चोरी हो सकती है, तो बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है. बाजार बंद के दौरान दुकानदारों ने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES