झारखंड में बारिश के साथ बढ़ेगी कनकनी! मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी, 27 से 30 अक्टूबर के बीच का देखें हाल
झारखंड का मौसम: झारखंड में आज से बारिश का दौर एक बार फिर से शुरू होने जा रहा है. इस बदलाव का असर 30 अक्टूबर तक या उसके बाद भी देखने को मिल सकता है. आइए जानते हैं कि आज मौसम का हाल कैसा रहने वाला है.
झारखंड का मौसम: झारखंड में गुलाबी ठंड की शुरुआत हो चुकी है. अब सुबह शाम शरीर पर एक हल्की जैकेट या फिर शॉल की जरूरत महसूस की जा रही है. वहीं, राज्य में एक बार फिर से बारिश का दौर भी शुरू होने जा रहा है. चक्रवाती तूफान अर्नब का असर झारखंड में भी देखने को मिलेगा. मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले 4 से 5 दिनों के दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. इस दौरान कई जिलों में झमाझम बारिश, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की पूरी संभावना जताई गई है.
आज कैसा रहेगा झारखंड का मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 27 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 के बीच राज्य के कई जिलों में बारिश होने वाली है. आज यानी 27 अक्टूबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. साथ ही, इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज के साथ बिजली चमकने की आशंका है. साहिबगंज, पाकुड़, गोड्डा, दुमका, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में बारिश होने की संभावना है.
भारी बारिश होने की संभावना
वहीं, 28, 29 और 30 अक्टूबर के दौरान बारिश लगभग पूरे राज्य को अपनी चपेट में ले लेगा. इस दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है. इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है. आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
कैसा रहेगा झारखंड में तापमान?
बता दें कि इस बदलाव के साथ ही झारखंड के अलग-अलग शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की जाएगी. राजधानी रांची में जो अधिकतम तापमान 26 अक्टूबर को 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वह गिरकर 30 अक्टूबर तक 26 डिग्री सेल्सियस तक आ जाएगा, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा. इसी तरह देवघर, धनबाद और गिरिडीह जैसे उत्तर-पूर्वी जिलों में अधिकतम तापमान जो पहले 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, वह घटकर 26 से 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है.
पूर्वी सिंहभूम और उसके आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस से लुढ़ककर करीब 29 डिग्री सेल्सियस पर आने की संभावना है. इसके अलावा लातेहार और लोहरदगा जैसे जिलों में रात और सुबह के समय सिहरन बढ़ने की संभावना है. इस दौरान न्यूनतम तापमान गिरकर 15 से 17 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें: चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर; यूपी में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट, तापमान में आएगी बड़ी गिरावट