छठ पर धनबाद से खुलने वाली ट्रेनों में भारी भीड़, जनरल-स्लीपर में नहीं बचा अंतर
छठ पर्व के दौरान धनबाद से खुलने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है. जनरल और स्लीपर डिब्बों के बीच कोई खास फर्क नजर नहीं आ रहा है.
लोक आस्था के महापर्व छठ पर्व की शुरआत कल नहाय-खाय से होने जा रही है. छठ मनाने के लिए बिहार अपने घर जाने वाले लोगों को ट्रेन में जगह नहीं मिल रही है. ट्रेन से घर जाने वाले लोगों को भारी भीड़ में अपने घर जाना पड़ रहा है. धनबाद स्टेशन से खुलने वाली गंगा दामोदर और मौर्या एक्सप्रेस में भीड़ बढ़ गई है. जो भी लोग घर छठ मनाने जा रहे हैं, उन्हें बैठने की जगह नहीं मिल रही है. बोगियों में खचाखच भीड़ हो गई है. जनरल और स्लीपर में कोई अंतर नहीं रह गया है. जिसे जहां थोड़ी भी जगह मिल रही है, जा रहे हैं. बोगियों में क्षमता से अधिक यात्री सफर कर रहे हैं.
बोगी पूरी भरी, ट्रेन में जगह नहीं
वहीं, रेल पुलिस भीड़ को देखते हुए माइकिंग कर लोगों को सावधानीपूर्वक ट्रेन में चढ़ने के निर्देश दे रही है. आरपीएफ जवान बिहार जाने वाली ट्रेन के आने पर यात्रियों की मदद कर रहे हैं. यात्रियों ने कहा कि छठ मनाने घर जाना है, इसलिए भीड़ कोई मायने नहीं रखती. किसी तरह भी घर जाना है. ट्रेन में जगह नहीं है, बोगी पूरी भरी हुई है.
ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव
खूंटी जिले के नगर पंचायत क्षेत्र में सैकड़ों छठ व्रतियों के साथ हजारों लोग छठ उपासना के साक्षी होंगे, जहां तीसरे और चौथे दिन विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा. इसलिए नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न आठ छठ घाटों की साफ-सफाई करके रंग-रोगन किया गया है और दीवारों पर भक्तिमय कलाकृति के साथ सोहराय पेंटिंग से चित्र बनाए गए हैं. साथ ही, पानी में चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया गया है, ताकि छठ महापर्व में उपासक स्वच्छ जल में प्रवेश करके उपासना कर सकें.
रांची के बाजारों में बढ़ी रौनक
छठ महापर्व को लेकर राजधानी रांची के बाजारों में रौनक बढ़ गई है. बाजारों में छठ पूजा से जुड़ी तमाम सामग्री की दुकानें सज चुकी हैं. कहीं आम की लकड़ियां बिक रही हैं, तो अन्य पूजन सामग्री की खरीदारी हो रही है. व्रती और श्रद्धालु भी पूजा शुरू होने से पहले ही बाजार पहुंचकर जरूरी सामानों की खरीदारी कर रहे हैं. गंगा घाटों की साफ-सफाई और स्वच्छता को लेकर सामाजिक स्तर पर भी पहल शुरू हो गई है. इसी कड़ी में साहिबगंज महाविद्यालय के एनसीसी कैडेटों ने शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया.
छात्र-छात्राओं ने सफाई में लिया भाग
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. एनसीसी कैडेटों ने घाटों पर साफ-सफाई करते हुए कचरे को हटाया और श्रद्धालुओं से गंगा घाटों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने की अपील की. अभियान के दौरान कैडेटों ने लोगों को संदेश दिया कि छठ महापर्व केवल आस्था और सूर्य उपासना का पर्व ही नहीं, बल्कि प्रकृति और जल संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी अवसर है. गंगा में प्लास्टिक, पूजा सामग्री और अन्य कचरा नहीं डालने की अपील करते हुए जलीय जीवों के संरक्षण के प्रति भी लोगों का ध्यान आकृष्ट कराया गया.
रिपोर्ट: जी मीडिया
यह भी पढ़ें: झारखंड में छठ पूजा की धूम: रांची में ड्रोन से होगी घाटों की निगरानी, ट्रैफिक पुलिस की खास अपील