गांव की महिला से इश्क लड़ा रहा था युवक, ग्रामीणों ने पकड़ा और कर दी पिटाई, धनबाद पुलिस ले गई थाने
गोविंदपुर थाना क्षेत्र के बागसुमा में प्रेम प्रसंग पर बवाल होने का मामला सामने आया है. यहां पर गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी. बताया जा रहा है कि युवक का गांव की महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा है.
धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बागसुमा गांव में 22 अक्टूबर, 2026 गुरुवार सुबह प्रेम प्रसंग को लेकर जमकर हंगामा हुआ. गांव की एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग होने के आरोप में कलियासोल क्षेत्र के एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी. इस घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया. बाद में ग्रामीणों ने युवक को गोविंदपुर पुलिस के हवाले कर दिया.
युवक का गांव की एक महिला के साथ प्रेम प्रसंग
मिली जानकारी के अनुसार, युवक गुरुवार सुबह बागसुमा गांव पहुंचा था, तभी ग्रामीणों ने उसे धर दबोचा. बताया जा रहा है कि युवक का गांव की एक महिला के साथ कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बात को लेकर विवाद हुआ और ग्रामीणों ने युवक की पिटाई कर दी. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया.
पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही
ग्रामीणों ने युवक को अपने कब्जे में लेने के बाद गोविंदपुर पुलिस को सौंप दिया है. पुलिस अब मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है. हालांकि, युवक पर लगाए गए आरोपों और विवाद की वास्तविक परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार
फिलहाल, मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है. जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि विवाद किन परिस्थितियों में हुआ और पूरे मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाती है.
महुदा बस्ती में मधुमक्खियों के झुंड का हमला, एक ही परिवार के 3 लोग घायल
दूसरी तरफ धनबाद जिले के ही महुदा बस्ती में मधुमक्खियों के झुंड के हमले में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हो गए. घायलों में 29 वर्षीय सबा अहमद, 7 वर्षीय सुफियान अंसारी और 12 वर्षीय नाजरीन परवीन शामिल हैं. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को इलाज के लिए SNMMCH में भर्ती कराया गया.
एक ही परिवार के तीनों लोग बोकारो के अलकुशा बस्ती जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान बारकी पुल पहुंचने से पहले मुर्लीडीह के पास दामोदर नदी के किनारे बने हीरक सड़क मार्ग पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से तीनों को संभलने का मौका नहीं मिला. मधुमक्खियों ने उनके शरीर पर कई जगह डंक मार दिया, जिससे वे घायल हो गए.
घटना के बाद आसपास के लोग किसी तरह तीनों को घर लेकर आए, जिसके बाद परिजनों ने घायलों को संभाला और इलाज के लिए SNMMCH लेकर पहुंचे. फिलहाल तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. इस घटना के समय दामोदर नदी के उस पार के भी दो अन्य लोगों पर मधुमक्खियों ने हमला किया, जिसके बाद वे लोग भी इलाज के लिए अपने घर चले गए. इस घटना में कुल पांच लोग घायल हुए हैं.
रिपोर्ट: नितेश मिश्रा
यह भी पढ़ें: खूंटी में 6 बच्चियों को अगवा कर भाग रहे थे 5 युवक, ग्रामीणों ने सड़क पर घेरा तो नाबालिग को छोड़ हुए फरार