गिरिडीह में उफान पर उत्तरवाहिनी नदी, पुलिया के ऊपर से बह रहा पानी
गिरिडीह के डुमरी प्रखंड के नावाटांड़ में उत्तरवाहिनी नदी उफान पर है. पानी पुलिया के ऊपर से बह रहा है. इसे दर्जनों गांवों से संपर्क भी टूट चुका है. लोगों से अपील की गई है कि तेज बहाव में पुलिया पार न करें, सतर्क और सावधान रहें.
गिरिडीह जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण डुमरी प्रखंड के नावाटांड़ में उत्तरवाहिनी नदी उफान पर है. जिले में नदी का पानी सड़क और पुलिया के ऊपर से बह रहा है, जिससे दर्जनों गांव प्रभावित हो गए हैं और आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है. पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है, जिसके कारण लोगों को 5 किलोमीटर घूमकर कुलगो होते हुए जाना पड़ रहा है. इतना ही नहीं, स्कूली बच्चों, मरीजों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
उच्च स्तरीय पुल बनाने की मांग
मिली जानकारी के अनुसार, इसे लेकर ग्रामीणों ने सांसद और विधायक से इस जगह पर उच्च स्तरीय पुल बनाने की मांग की है, ताकि बारिश के दिनों में आवागमन बाधित न हो. इतना ही नहीं, ग्रामीणों का कहना है कि लगभग 5000 लोगों का आना-जाना इसी सड़क से होता है और यह पुलिया बादलपुर से जोड़ने का मुख्य रास्ता है. इस संबंध में सांसद प्रतिनिधि ने ग्रामीणों की बातों को संज्ञान में लेते हुए कहा है कि जल्द ही सांसद से बात कर पुल निर्माण की दिशा में पहल की जाएगी.
ग्रामीणों ने की ये अपील
साथ ही, उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि तेज बहाव में पुलिया पार न करें, सतर्क और सावधान रहें. वहीं, जिप सदस्य बैजनाथ महतो ने भी ग्रामीणों से अपील की है कि तेज बहाव वाले पानी में न उतरें और सड़क पार करने की कोशिश न करें, नहीं तो कोई भी दुर्घटना हो सकती है और आप हादसे का शिकार हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि इस पुलिया को ऊंचा बनाने के लिए पहले भी सांसद-विधायक से कहा गया था, लेकिन किसी ने इस पर कोई संज्ञान नहीं लिया. अगर समय रहते इस पर ध्यान दिया गया होता तो आज दर्जनों गांव प्रभावित नहीं होते.
रिपोर्ट: मृणाल सिन्हा, गिरिडीह