झारखंड के गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के निमाटांड़ गांव के पास रविवार को सड़क हादसे में वैगनआर कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार सवार दो अन्य लोग घायल हो गए. कार ने आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार ट्रेलर में बुरी तरह फंस गई. इसके बाद ट्रेलर चालक कार को करीब छह किलोमीटर तक घसीटते हुए बिरनी थाना क्षेत्र के मंझिलाडीह गांव के पास ले आया. वहां ट्रेलर छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया. मृतक की पहचान महेश यादव के रूप में हुई है, जबकि घायलों में भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव शामिल हैं.
घटना के बाद मंझिलाडीह गांव में लोगों की भीड़ जुट गई. हादसे की सूचना मिलने पर बिरनी थाना प्रभारी आकाश सिंह भारद्वाज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. कार ट्रेलर में बुरी तरह फंसी हुई थी, जिसके कारण उसमें सवार लोगों को बाहर निकालने में परेशानी हो रही थी. इसके बाद थाना प्रभारी ने हथौड़े की मदद से कार को तोड़कर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकलवाया.
कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चालक महेश यादव की मौत हो चुकी थी. वहीं, घायल भुवनेश्वर यादव और बंशी यादव को बेहतर इलाज के लिए बगोदर ट्रामा सेंटर भेजा गया. थाना प्रभारी आकाश सिंह भारद्वाज ने बताया कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इसलिए उन दोनों को बेहतर इलाज के लिए बगोदर ट्रामा सेंटर भेजा गया है.
बताया जा रहा है कि वैगनआर कार में सवार लोग सरिया थाना क्षेत्र के केशवारी से धनवार प्रखंड के गोरहंद स्थित अपने गांव जा रहे थे. इसी दौरान निमाटांड़ गांव के पास कार ने आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार ट्रेलर में फंस गई और ट्रेलर चालक उसे घसीटते हुए करीब छह किलोमीटर दूर मंझिलाडीह गांव तक ले आया. वहां ट्रेलर छोड़कर चालक फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया.
रिपोर्ट: मृणाल सिन्हा